कोडरमा: अब स्कूलों में भी होगी चुनाव की पढ़ाई, निर्वाचन साक्षरता क्लब को मिलेगा नया मंच
बैठक में उपायुक्त व अन्य. | Prabhat Khabar Network
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, कोडरमा के स्कूलों और कॉलेजों में निर्वाचन साक्षरता क्लब को व्यवस्थित मंच के रूप में विकसित किया जाएगा. इसका उद्देश्य युवाओं को चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूक कर लोकतांत्रिक सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करना है.
कोडरमा बाजार. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में निर्वाचन साक्षरता क्लब के सफल संचालन को लेकर जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों व प्रबंधकों के साथ बैठक हुई. उपायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार जिले के विद्यालयों व महाविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब को व्यवस्थित मंच के रूप में विकसित किया जायेगा.
इसका उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक कर जिम्मेदार व लोकतांत्रिक सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करना है. उन्होंने प्लस टू विद्यालयों, महाविद्यालयों व अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में क्लब का गठन कर उसकी गतिविधियों का प्रभावी संचालन करने का निर्देश दिया.
उन्होंने प्राचार्यों से इस दिशा में गंभीरता से पहल करने को कहा. उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय सोनी ने बताया कि प्रत्येक निर्वाचन साक्षरता क्लब को विशिष्ट आइडी दी जायेगी. इसके माध्यम से क्लब की प्रोफाइल, गतिविधियों का विवरण, रिपोर्टिंग, मॉनिटरिंग और मान्यता संबंधी कार्य किए जायेंगे.
इएलसी में वर्षभर निर्धारित गतिविधि कैलेंडर के अनुसार चर्चा, क्विज, व्यावहारिक प्रदर्शन और अन्य जागरूकता कार्यक्रम होंगे. इएलसी कॉर्डिनेटर गतिविधियों का दस्तावेजीकरण कर विवरण पोर्टल पर अपलोड करेंगे. मौके पर अपर समाहर्ता संजय पीएम कुजूर, डीइओ मुकुल राज समेत अन्य मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए