झुमरी तिलैया में फिर चेन स्नैचिंग, टोटो सवार महिला के गले से सोने की चेन झपटे

Updated:
विज्ञापन

महिला के गले से सोने की चेन झपटते बदमाश | Prabhat Khabar Network

झुमरी तिलैया के अड्डी बंगला क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने टोटो सवार महिला के गले से सोने की चेन झपटी। इलाके में बढ़ती घटनाओं से महिलाओं में भारी दहशत है।

विज्ञापन

किशोर की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

झुमरी तिलैया. शहर के अड्डी बंगला क्षेत्र में बुधवार की सुबह करीब 11 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने टोटो से जा रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और गझंडी रोड की ओर फरार हो गये. दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. वहीं, लगातार हो रही चेन झपटमारी की घटनाओं से महिलाओं में दहशत का माहौल है.

गझंडी रोड की ओर तेजी से फरार

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, महिला टोटो से कहीं जा रही थी. इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश उसके पास पहुंचे और मौका पाकर महिला के गले से सोने की चेन झपट ली. अचानक हुई इस वारदात के बाद महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही दोनों बदमाश बाइक से गझंडी रोड की ओर तेजी से फरार हो गये.

दिनदहाड़े वारदात से सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना सुबह करीब 11 बजे की है, जब क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रहती है. इसके बावजूद बदमाशों द्वारा बेखौफ होकर चेन झपटमारी की घटना को अंजाम देने से शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं के कारण महिलाओं और बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है.

लगातार घटनाओं से महिलाओं में दहशत

स्थानीय लोगों के अनुसार, शहर और आसपास के इलाकों में चेन झपटमारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. बाइक सवार बदमाश महिलाओं को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं और तेज गति से फरार हो जाते हैं. इससे खासकर अकेले आने-जाने वाली महिलाओं में भय का माहौल है.

क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध बाइक सवारों की जांच करने और पूर्व में हुई चेन झपटमारी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि बदमाशों पर प्रभावी कार्रवाई होने से ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola