कोडरमा: हाईवे के होटल-ढाबे और स्कूलों के आसपास अब नहीं बिकेगा नशा, DC ने अधिकारियों को दिया सख्त निर्देश

Updated:
विज्ञापन

कोडरमा समाहरणालय सभाकक्ष में नेशनल नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन को लेकर बैठक करते हुए डीसी उत्कर्ष गुप्ता | प्रभात खबर

कोडरमा में मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. डीसी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. दवा दुकानों के निबंधन और स्टॉक की भी होगी निगरानी.

विज्ञापन

कोडरमा से विकाश कुमार की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

कोडरमा: समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को डीसी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में नेशनल नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक हुई. बैठक में मादक पदार्थों की बिक्री और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने को लेकर पूर्व में दिये गये निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गयी. डीसी ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिये.

दवा दुकानों के निबंधन और स्टॉक की होगी निगरानी

डीसी ने औषधि निरीक्षक को जिले के सभी दवा विक्रय संस्थानों का एबीडीएम योजना के तहत शत-प्रतिशत ऑनलाइन निबंधन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संचालित दवा दुकानों की नियमित जांच करने और उनके निबंधन के साथ दवाओं के स्टॉक की भी निगरानी करने को कहा गया.

हाईवे के होटल-ढाबों पर होगी छापेमारी

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित होटल और ढाबों में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री की स्थिति की समीक्षा की गयी. डीसी ने उत्पाद अधीक्षक को राष्ट्रीय राजमार्ग के 250 और 500 मीटर के दायरे में स्थित होटल-ढाबों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

स्कूलों के आसपास नशे के खिलाफ चलेगा अभियान

डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया. स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में मादक पदार्थों और तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया.

डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी की जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए.

बैठक में एसपी कुमार शिवाशीष, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, एसडीओ निर्मल सोरेन, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, एसडीपीओ प्रमोद कुमार केसरी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola