खूंटी : मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर JSLPS कैडरों ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
समाहरणालय के बाहर JSLPS की कैडर दिदिया | Prabhat Khabar Network
खूंटी में JSLPS के विभिन्न कैडरों ने मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। जल्द समाधान नहीं होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी।
खूंटी. जिले के सभी छह प्रखंडों से पहुंचे जेएसएलपीएस के विभिन्न कैडरों के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपायुक्त जावेद हुसैन से मुलाकात कर मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा. कैडरों ने मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया.
आपके शहर में
प्रतिनिधिमंडल में जीसीआरपी, एफएलसीआरपी, जेआरपी, सीआरपीईपी, एवीएम, एकेएम, बैंक सखी, आईएफएम को-ऑर्डिनेटर, वित्त सखी, एलएचएम, नवजीवन सखी, सेतु दीदी, बागवानी सखी, एडब्ल्यू और ईबीके समेत विभिन्न कैडर शामिल थे.
वर्षों से सेवा के बावजूद मानदेय में बढ़ोतरी नहीं
ज्ञापन में कहा गया कि सभी कैडर अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पिछले कई वर्षों से लगातार सेवाएं दे रहे हैं. इसके बावजूद लंबे समय से उनके मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी नहीं की गयी है. वर्तमान में मिलने वाला मानदेय काफी कम है, जो प्रतिदिन की मजदूरी के बराबर भी नहीं है.
कैडरों ने कहा कि निर्धारित कार्यों के अलावा भी उनसे कई तरह के अतिरिक्त कार्य लिये जाते हैं. इसके बावजूद निर्धारित मानदेय भी नियमित रूप से नहीं मिल पाता है.
पंचायत स्तर पर 800 और वीओ स्तर पर 500 रुपये
कैडरों ने पंचायत स्तरीय कैडरों का मानदेय बढ़ाकर 800 रुपये प्रतिदिन और ग्राम संगठन यानी वीओ स्तरीय कैडरों का मानदेय 500 रुपये प्रतिदिन करने की मांग की. इसके साथ ही कार्यक्षेत्र में आने-जाने के लिए दूरी के आधार पर यात्रा भत्ता समेत अन्य आवश्यक भत्ते देने की मांग भी की गयी.
ये भी पढ़ें: ईस्ट जोन शूटिंग में खूंटी के निशानेबाजों का जलवा, जीते तीन पदक - 6 खिलाड़ियों ने नेशनल के लिए किया क्वालीफाई
मानदेय में वृद्धि आवश्यक
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैडर ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं और विभागीय कार्यों को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इसके बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए मानदेय में आवश्यक वृद्धि नहीं की जा रही है.
अतिरिक्त कार्य से असमर्थता
ज्ञापन में कहा गया कि मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई होने तक सभी कैडर निर्धारित और अतिरिक्त कार्य करने में असमर्थता व्यक्त करेंगे. कैडरों ने उपायुक्त से जल्द निर्णय लेकर उन्हें पुनः अपने कार्यक्षेत्र में लौटने के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए