खूंटी में क्राइम मीटिंग, करम-गणेश विसर्जन और दुर्गापूजा को लेकर पुलिस अलर्ट; एनडीपीएस पर तेज होगा अभियान
खूंटी एसपी ने मासिक क्राइम मीटिंग में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए. आगामी दुर्गा पूजा, गणेश विसर्जन और करम पूजा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी.
खूंटी. एसपी कार्यालय सभागार में मंगलवार को एसपी ऋषभ गर्ग की अध्यक्षता में मासिक क्राइम मीटिंग हुई. बैठक में जिले में लंबित कांडों की समीक्षा की गयी. एसपी ने सभी मामलों का तेजी से निष्पादन करने और वारंट व सम्मन की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया.
करम, गणेश विसर्जन और दुर्गा पूजा को लेकर विशेष सतर्कता
आगामी करम पूजा, गणेश पूजा विसर्जन और दुर्गा पूजा को देखते हुए एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया. एसपी ने कहा कि जिले में दर्ज हो रहे मामलों का तेजी से निष्पादन किया जा रहा है.
एनडीपीएस के खिलाफ तेज होगा अभियान
एसपी ने कहा कि जिले में एनडीपीएस के खिलाफ विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई की जायेगी. आगामी माह से अभियान तेज करने का निर्देश दिया गया. अफीम की खेती शुरू होने से पहले संभावित क्षेत्रों का सत्यापन और चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.
एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपितों की मादक पदार्थों से अर्जित चल-अचल संपत्ति का विवरण संकलित कर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया. न्यायालय से संबंधित मामलों में स्पीडी ट्रायल प्रभावी बनाने और कन्विक्शन रेट बढाने पर चर्चा हुई. गवाहों को समय पर न्यायालय में उपस्थित कराने को कहा गया.
अवैध खनन और डिजिटल साक्ष्यों पर भी जोर
सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता और जांच अभियान चलाने, बरी आरोपितों का भौतिक सत्यापन करने और उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया. डिजिटल साक्ष्यों पर विशेष ध्यान देने के साथ ई-बिट मॉनिटरिंग, बीट पुलिसिंग, नियमित क्षेत्र भ्रमण और संवेदनशील स्थानों की निगरानी मजबूत करने को कहा गया.
अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
तीन अनुसंधान पदाधिकारियों को मिले लैपटॉप
बैठक के बाद बेहतर कार्य करने वाले अनुसंधान पदाधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से उपलब्ध लैपटॉप दिये गये. एसपी ने पुअनि मंटू कुमार, आदित्य कुमार और विकास कुमार को लैपटॉप प्रदान किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए