रोमांचक रहा सीआइएससीइ रीजनल हॉकी का फाइनल मुकाबला, लोयोला ब्वॉयज टीम बनी चैंपियन
लोयोला इंग्लिश मीडियम स्कूल के खिलाड़ी | Prabhat Khabar Network
सीआइएससीइ रीजनल हॉकी प्रतियोगिता में लोयोला इंग्लिश मीडियम स्कूल, खूंटी की बालक टीम ने खिताब जीता और बालिका टीम उपविजेता रही।
खूंटी: डॉन बॉस्को, गुमला में आयोजित सीआइएससीइ रीजनल हॉकी प्रतियोगिता में लोयोला इंग्लिश मीडियम स्कूल, खूंटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की. अंडर-17 बालक वर्ग में विद्यालय की टीम ने मेजबान डॉन बॉस्को, गुमला को रोमांचक फाइनल में 1-0 से हरा कर रीजनल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया. वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में लोयोला की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया. बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में लोयोला के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति अपनायी.
टीम ने बेहतर तालमेल, मजबूत रक्षण और अनुशासित खेल का प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम को पूरे मैच में वापसी का अवसर नहीं दिया. निर्धारित समय तक 1-0 की बढ़त बनाए रखते हुए लोयोला ने खिताब अपने नाम किया. खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने भी जमकर उत्साहवर्धन किया.
बालिका वर्ग के फाइनल में लोयोला इंग्लिश मीडियम स्कूल का मुकाबला प्रभात तारा, धुर्वा से हुआ. इस मैच में प्रभात तारा ने 3-0 से जीत दर्ज कर खिताब हासिल किया. हालांकि लोयोला की बालिका टीम ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का सम्मान प्राप्त किया.
विद्यालय की इस सफलता में कोच अमित सौरभ एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही. टीम मैनेजर पल्लवी कुमारी और अतुल मसीह टोप्पो ने भी खिलाड़ियों का लगातार मार्गदर्शन किया. विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विजेता खिलाड़ियों, कोच और टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने रीजनल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और खूंटी जिले का नाम रोशन किया है. विद्यालय परिवार ने दोनों टीमों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए