उच्च शिक्षा का अलख जगा गये फादर जोसेफ
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 11 Aug 2019 3:16 AM
16 अगस्त : बिशप जोसेफ मिंज की पुण्यतिथि पर विशेष 1978 में संत जोसेफ कॉलेज की स्थापना की थी 72 विद्यार्थियों से शुरू हुआ था कॉलेज, आज चार हजार विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं तोरपा :तोरपा में उच्च शिक्षा का अलख जगाने में स्व फादर जोसेफ मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. 10वीं की […]
16 अगस्त : बिशप जोसेफ मिंज की पुण्यतिथि पर विशेष
1978 में संत जोसेफ कॉलेज की स्थापना की थी
72 विद्यार्थियों से शुरू हुआ था कॉलेज, आज चार हजार विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं
तोरपा :तोरपा में उच्च शिक्षा का अलख जगाने में स्व फादर जोसेफ मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. 10वीं की परीक्षा के बाद यहां के लोगों के लिए शिक्षा का द्वार लगभग बंद हो जाया करता था. सक्षम अभिभावक के बच्चे रांची या अन्यत्र जाकर अपनी शिक्षा जारी रखते थे. परंतु आम विद्यार्थियों को 10वीं के बाद आगे की पढ़ाई जारी रखने में कठिनाई होती थी. आदिवासी बहुल इस इलाके में कोई भी कॉलेज या स्कूल नहीं था. फादर जोसेफ मिंज इस स्थिति पर काफी चिंतित रहते थे.
वे तोरपा में संत जोसेफ उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापक के रूप में कार्य कर रहे थे. 1978 में उन्होंने अपनी इस चिंता को काथलिक सभा तोरपा की बैठक में व्यक्त की तथा यहां पर कॉलेज खोलने की इच्छा जतायी. काथलिक सभा के सदस्यों ने फादर जोसेफ मिंज के इस निर्णय का स्वागत किया. कॉलेज शुरू करने का निर्णय लिया गया. 16 अगस्त 1978 को चर्च परिसर में स्थित एक खपरैल घर में इंटरमीडिएट की पढ़ाई शुरू की गयी.
72 विद्यार्थियों से शुरू हुआ था कॉलेज : 1978 में संत जोसेफ इंटर कॉलेज 72 विद्यार्थियों से शुरू हुआ. कॉलेज चलाने के लिए यहां के शिक्षक व कॉलेज से संबद्ध लोग गांव-गांव जाकर चंदा इकट्ठा किया करते थे. जिससे जो बन पड़ता था, कॉलेज के लिए सहयोग देते थे. लोगों द्वारा दिये गये दान से ही कॉलेज के शिक्षकों का मानदेय व अन्य खर्च का वहन होता था. फादर जोसेफ मिंज स्वयं मोटरसाइकिल से गांव-गांव, शहर-शहर घूम कर कॉलेज के लिए सहायता राशि जुटाते थे.
कॉलेज के स्थापना काल से जुड़े रहे शिक्षक जगन्नाथ महतो बताते हैं कि लोग सहयोग के रूप में रुपये-पैसे के अलावा अनाज, मुर्गा-मुर्गी आदि दिया करते थे. कॉलेज की कक्षाएं भी तीन जगहों पर चला करती थी. चर्च परिसर, संत जोसेफ हाई स्कूल व संत अन्ना बालिका मध्य विद्यालय में शिक्षक तीनों जगहों पर जाकर पढ़ाया करते थे. इंटरमीडिएट सेक्सन का पहला बैच 1980 में पास आउट हुआ. 16 अगस्त 1980 को संत जोसेफ डिग्री कॉलेज खोला गया. इसके बाद यहां के विद्यार्थियों को कॉलेज की शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता है.
वर्तमान में 4000 विद्यार्थी हैं : 1978 में फादर जोसेफ मिंज द्वारा लगाया गया कॉलेज रूपी पौधा आज फल-फूल रहा है. वर्तमान में संत जोसेफ इंटर व डिग्री कॉलेज में 4000 विद्यार्थी पढ़ते हैं. यहां पर बीए व बीकॉम की पढ़ाई होती है. हिंदी, संस्कृत, मुंडारी, अर्थशास्त्र, भूगोल, इतिहास, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, अंग्रेजी विषयों में स्नातक की पढ़ाई विद्यार्थी कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










