लोहारंगी मोड़ पर बाइक-ट्रक की भिड़ंत, युवक ने धनबाद में तोड़ा दम
मृतक शमशेर का फाइल फोटो. | Prabhat Khabar Network
नारायणपुर के लोहारंगी मोड़ के पास बाइक और ट्रक की टक्कर में 17 वर्षीय शमशेर अंसारी की मौत हो गयी. उसका 15 वर्षीय ममेरा भाई गंभीर है.
निकेश सिन्हा,नारायणपुर: नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोहारंगी मोड़ के समीप सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय शमशेर अंसारी की धनबाद के अशर्फी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. हादसे में उसका ममेरा भाई जाहिद अंसारी (15) भी गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका इलाज धनबाद के अशर्फी अस्पताल में चल रहा है.
बाइक और ट्रक की जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार मदनाडीह पंचायत के रामपुर गांव निवासी मुख्तार अंसारी का पुत्र शमशेर अंसारी अपने ममेरे भाई जाहिद अंसारी के साथ मोटरसाइकिल से बिराजपुर जा रहा था.
जाहिद करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बिराजपुर निवासी मकबूल अंसारी का पुत्र है. इसी दौरान लोहारंगी मोड़ के समीप उनकी मोटरसाइकिल की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गयी. दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये.
प्राथमिक उपचार के बाद धनबाद रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया.
परिजन निजी एंबुलेंस से दोनों को धनबाद स्थित अशर्फी अस्पताल ले गये. वहां इलाज के दौरान शमशेर अंसारी ने दम तोड़ दिया.
दोनों को लगी थी गंभीर हेड इंजरी
सीएचसी नारायणपुर की चिकित्सक डॉ. ऐश्वर्या मुंशी ने बताया कि दोनों घायलों को गंभीर हेड इंजरी हुई थी. एक युवक के सिर में गंभीर चोट थी, जबकि दूसरे की स्थिति भी बेहद गंभीर थी. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया था.
ट्रक पुलिस के कब्जे में
नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को पुलिस ने पकड़कर थाना लाया है. मामले की जांच की जा रही है.
थाना प्रभारी के अनुसार लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए