कैशबैक का फर्जी संदेश भेजकर लोगों से ठगी करनेवाले नौ साइबर ठग गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
02 प्रेस कॉन्फ्रेंस करते एसपी शंभू कुमार सिंह व अन्य   | Prabhat Khabar Network

प्रेस कॉन्फ्रेंस करते एसपी शंभू कुमार सिंह व अन्य

जामताड़ा पुलिस ने कैशबैक का फर्जी संदेश भेजकर लोगों को ठगने वाले नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। भारी मात्रा में मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किए गए।

विज्ञापन

संवाददाता, जामताड़ा. साइबर थाने की पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान बड़ी सफलता मिली है. इस संबंध में एसपी शंभू कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. बताया कि साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सियाटांड़ एवं मट्टांड़ तथा जामताड़ा थाना क्षेत्र के मोहड़ा- पोसोई मार्ग के समीप झाड़ियों में छापेमारी कर साइबर ठगी करते कुल नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपितों में मुजाहिद अंसारी, सलामत अंसारी, सनवर अंसारी, तबारक अंसारी, सरफराज अंसारी (सभी मट्टांड़, करमाटांड़), रोक्की कुमार दास, अर्जुन दास, सचिन दास (सभी पोसोई, जामताड़ा) तथा अमृत रूईदास (दासपाड़ा, बराकर, पश्चिम बर्द्धमान) शामिल हैं. पुलिस ने आरोपितों के पास से 27 मोबाइल फोन और 39 सिम कार्ड, 01 टैब बरामद किए हैं. इस संबंध में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 44/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधी फोन पे कैशबैक का फर्जी संदेश भेजकर लोगों से उसे स्वीकार कराने के बाद रकम ठग लेते थे. इसके अलावा गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर लोगों को जाल में फंसाते थे. आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी और ओटीपी हासिल कर फर्जी बैंक खातों एवं ई-वॉलेट के माध्यम से ठगी करते थे. जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार दो आरोपितों मुजाहिद व सलामत का पहले से भी साइबर अपराध के मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस के अनुसार, अमृत रूईदास अपने ससुराल पाेसोई में रह कर साइबर ठगी करने का काम करता था. पुलिस की पूछताछ में अमृत ने बताया कि वे अपने ससुराल में रहकर लॉ की पढ़ाई कर रहा था. मौके पर साइबर डीएसपी अमित कुमार, साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल सहित अन्य थे.


विज्ञापन
Umesh Kumar

लेखक के बारे में

By Umesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola