जामताड़ा - सखी मंडल की दीदियों के सपनों को मिलेगी उड़ान, 150 महिला उद्यमियों का होगा चयन
कार्यक्रम का उद्घाटन करते अतिथि गण | Prabhat Khabar Network
झारखंड इनक्यूबेटर आउटरीच कार्यक्रम के तहत जामताड़ा से 150 उत्कृष्ट महिला उद्यमियों का चयन किया जाएगा. उन्हें बिजनेस, ब्रांडिंग, मार्केटिंग और वित्तीय प्रबंधन का प्रशिक्षण और सहायता मिलेगी, जिससे वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सकें.
जामताड़ा : जिला प्रशासन एवं झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के संयुक्त तत्वावधान में समाहरणालय परिसर स्थित एसजीएसवाई हॉल में मंगलवार को जिला स्तरीय ‘झारखंड इनक्यूबेटर आउटरीच कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा, जेएसएलपीएस के डीपीएम राहुल रंजन सहित अन्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
पारंपरिक स्वागत से हुआ कार्यक्रम का आगाज
कार्यक्रम से पूर्व सखी मंडल की दीदियों ने पारंपरिक तरीके से जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा का स्वागत किया. प्रतिभागियों ने मां सरस्वती की वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया.
ग्रामीण महिलाएं अब बन रही अर्थव्यवस्था की ताकत
जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं अब केवल परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. सही प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और बाजार उपलब्ध होने पर सखी मंडल की दीदियां बड़े उद्यम खड़े कर सकती हैं.
गैर-कृषि क्षेत्र में उद्यम की संभावनाओं पर जोर
जेएसएलपीएस के डीपीएम राहुल रंजन ने गैर-कृषि क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यम की संभावनाओं पर प्रकाश डाला. वहीं बिजनेस मैनेजर स्नेहाशीष दास ने स्थानीय व्यवसाय, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण एवं निर्माण इकाइयों को आधुनिक बाजार से जोड़ने की जानकारी दी.
जिले से चुनी जाएंगी 150 उत्कृष्ट महिला उद्यमी
आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क के आलोक रंजन ने बताया कि जिले से 150 उत्कृष्ट महिला उद्यमियों का चयन किया जाएगा. चयनित उद्यमियों को बिजनेस मॉडल, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, मार्केटिंग और वित्तीय प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके साथ ही उन्हें विशेषज्ञ मेंटरशिप, तकनीकी मार्गदर्शन एवं वित्तीय सहायता से जोड़ने की पहल होगी.
महिला उद्यमियों ने साझा कीं कारोबार की चुनौतियां
कार्यक्रम में महिला उद्यमियों ने अपने व्यवसाय से जुड़ी समस्याएं एवं सवाल साझा किए. विशेषज्ञों ने उनकी समस्याओं का समाधान बताया और उद्यम को आगे बढ़ाने से जुड़ी जानकारी दी.
राष्ट्रगान के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम का मंच संचालन इकबाल अहमद एवं टिंकी सामंत ने किया. उत्तम ने धन्यवाद ज्ञापन किया. राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए