किसानों को सोलर पंप पर 97% तक अनुदान, डीसी ने आवेदनों की जांच तेज करने का दिया निर्देश
बैठक करते डीसी आलोक कुमार व अन्य | Prabhat Khabar Network
किसानों के लिए सोलर पंपसेट योजना में बड़ा लाभ। पीएम-कुसुम कंपोनेंट-बी के तहत 97% तक सब्सिडी मिल रही है। पात्रता और अंशदान राशि की जानकारी प्राप्त करें।
जामताड़ा : प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम), कंपोनेंट-बी के तहत किसानों को सोलर पंपसेट उपलब्ध कराने को लेकर शुक्रवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आलोक कुमार ने की. इस दौरान सिंचाई के लिए सोलर पंपसेट की आपूर्ति एवं अधिष्ठापन के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गयी.
आवेदनों की होगी संयुक्त जांच
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को प्रखंड स्तर से आवश्यक अनुशंसा के साथ दोबारा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. साथ ही प्रखंडवार प्राप्त आवेदनों में से रैंडम आधार पर कुछ आवेदनों की बिजली एवं कृषि विभाग के अधिकारियों से संयुक्त जांच कराने को कहा. जांच प्रतिवेदन के साथ संबंधित आवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
पात्र किसानों तक पहुंचाएं योजना का लाभ
डीसी ने योजना का पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसानों को इसका लाभ मिल सके. बैठक में बताया गया कि योजना के तहत किसानों को करीब 96-97 प्रतिशत तक अनुदान मिल रहा है.
5 हजार से 10 हजार रुपये तक देना होगा अंशदान
योजना के तहत 2 एचपी सोलर पंप के लिए किसान अंशदान 5 हजार रुपये, 3 एचपी के लिए 7 हजार रुपये और 5 एचपी के लिए 10 हजार रुपये निर्धारित है. योजना का लाभ लेने के लिए किसान के पास सिंचाई का जल स्रोत होना जरूरी है.
बिजली आधारित सिंचाई सुविधा वाले किसान तथा पूर्व में सोलर पंप प्राप्त कर चुके किसान इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे. वहीं, एक किसान परिवार को एक ही सोलर पंप का लाभ मिलेगा.
मौके पर डीडीसी असीम किस्पोट्टा, जिला कृषि पदाधिकारी अनूप कुमार हेम्ब्रम, भूमि संरक्षण पदाधिकारी सुशांत कंडुलना समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए