जनगणना 2027 को लेकर जामताड़ा में डीसी सख्त, ग्राम विवरणिका की त्रुटियां सुधारने का निर्देश
जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जामताड़ा में उपायुक्त आलोक कुमार ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने ग्राम विवरणिका में पाई गई त्रुटियों को तत्काल सुधारने का निर्देश दिया है. आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है.
जामताड़ा : उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनगणना 2027 के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में जिला जनगणना पुस्तिका (डीसीएचबी) के कार्यों की प्रगति और ग्राम विवरणिका में पाई गयी त्रुटियों के सुधार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
जिला जनगणना पुस्तिका का काम पूरा
बैठक में बताया गया कि जिला स्तर पर जिला जनगणना पुस्तिका का कार्य पूरा कर लिया गया है. वहीं, कई प्रभार स्तर पर सत्यापन पदाधिकारियों ने ग्राम विवरणिका में कुछ त्रुटियां चिह्नित की हैं. उपायुक्त ने संबंधित प्रभार पदाधिकारियों को ऐसे चिह्नित गांवों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि समेकित प्रतिवेदन जनगणना निदेशालय, झारखंड को भेजा जा सके और संबंधित गांवों के आंकड़ों को सुधार के लिए वापस भेजा जा सके.
आंकड़ों की शुद्धता पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि आंकड़े वापस मिलने के बाद संबंधित सत्यापन पदाधिकारी सभी प्रविष्टियों की सावधानीपूर्वक जांच कर पूर्ण शुद्धता के साथ सुधार सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े अत्यंत महत्वपूर्ण और दीर्घकालिक उपयोग के होते हैं. इसलिए सभी स्तरों पर आंकड़ों की गुणवत्ता, सत्यता और शुद्धता सुनिश्चित करना जरूरी है.
मौके पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुशांत कंडुलना सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए