पटमदा के सारी गांव में युवक की हत्या, एक हिरासत में
फोटो, पुलिया के नीचे से बरामद मनोहर माझी का शव, मनोहर माझी का फाइल फोटो. | Prabhat Khabar Network
पटमदा के सारी गांव में मनोहर माझी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और मामले की गहन जांच कर रही है।
पटमदा: पटमदा थाना के सारी गांव के बूढ़ीगोड़ा टोला निवासी मनोहर माझी (30) की धारदार हथियार से हत्या कर बदमाशों ने शव को कलवर्ट पुल के नीचे लाकर फेंक दिया. रविवार सुबह पुल के नीचे से पुलिस ने युवक का खून से लथपथ शव बरामद किया. पुलिस के अनुसार युवक की धारदार हथियार से हत्या किये जाने की आशंका है. उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. मामले में उसके साथियों से पूछताछ की जा रही है.
मनसा पूजा में शामिल होने घर से निकला था मनोहर
परिजनों के अनुसार मनोहर माझी शनिवार रात सारी गांव निवासी सुशील सिंह के घर आयोजित मनसा पूजा के रात्रि जागरण (जांत मंगल) कार्यक्रम में अन्य कलाकारों के साथ शामिल होने गया था. रात करीब दो बजे वह टीम के सदस्य 55 वर्षीय दुर्लभ सिंह के साथ शराब पीने के लिए गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर बूढ़ीगोड़ा टोला स्थित शंभू सिंह के घर के पास महुआ शराब भट्ठी गया था. वहां से दोनों पैदल लौट रहे थे. बताया जाता है कि इसके बाद मनोहर घर नहीं पहुंचा, जबकि दुर्लभ सिंह नशे की हालत में अपने घर लौट गया. रविवार सुबह तालाब के किनारे शौच के लिए गये ग्रामीणों ने कलवर्ट पुल के नीचे खून से लथपथ शव देखा. सूचना मिलते ही पुलिस ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
दुर्लभ सिंह ने संलिप्तता से किया इंकार
पुलिस ने मनोहर के साथ गये दुर्लभ सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. हालांकि दुर्लभ सिंह ने घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है. उसका कहना है कि वह अत्यधिक नशे में था और उसे घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं है.
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मनोहर माझी विवाहित था. उसके परिवार में पत्नी, दो बच्चे और माता-पिता हैं. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया. परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की संभावना है. थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है. हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए छानबीन की जा रही है.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए