रोज की तरह आज भी निकला था मॉर्निंग वॉक पर, फिर घर नहीं लौटा रमाकांत
सांकेतिक तस्वीर
गालूडीह में मॉर्निंग वॉक के दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से रमाकांत दलाई की दर्दनाक मौत. पुलिस मामले की जांच में जुटी.
गालूडीह से प्रकाश दास की रिपोर्ट
आपके शहर में
गालूडीह थाना के पास शनिवार अहले सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान गालूडीह डांगापाड़ा निवासी रमाकांत दलाई (46) उर्फ बिकुल दलाई के रूप में हुई है. हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग 100 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल घाटशिला भेज दिया. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है.
रोज बराज डैम जाता था मॉर्निंग वॉक पर
जानकारी के अनुसार, रमाकांत दलाई गालूडीह स्थित एक टूरिस्ट रिसोर्ट में वेटर का काम करता था. वह प्रतिदिन सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए बराज डैम जाता था. शनिवार सुबह भी वह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था. इसी दौरान गालूडीह थाना के पास अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में उसकी मौत हो गयी.
तीन भाइयों में सबसे छोटा था बिकुल
रमाकांत दलाई अविवाहित था. तीन भाइयों में सबसे छोटा था. उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है. घटना की सूचना मिलने के बाद बड़े भाई संजय दलाई, उमाकांत दलाई और बहन रेखा दलाई का रो-रोकर बुरा हाल है.
हादसे की खबर से डांगापाड़ा में भी शोक का माहौल है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाइवे पर सुबह के समय पैदल चलने वालों की सुरक्षा को लेकर चिंता जतायी है. लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण मॉर्निंग वॉक करने वालों के लिए हाइवे पर खतरा बना रहता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए