हाथी देखने की जिज्ञासा बनी मुसीबत, सूंड के धक्के से झाड़ी में जा गिरे युवक...
घायल खोखन सिंह
झुंड से बिछड़कर धातकीडीह और पाथरडीह क्षेत्र में विचरण कर रहे हाथी को देखने जाना खोखन सिंह को महंगा पड़ गया. हाथी ने उन्हें सूंड से धक्का मार दिया.
गालूडीह से प्रकाश दास की रिपोर्ट
झुंड से बिछड़कर धातकीडीह और पाथरडीह क्षेत्र में विचरण कर रहे हाथी को देखने जाना जगन्नाथपुर पाथरडीह गांव निवासी खोखन सिंह (40) को महंगा पड़ गया. मंगलवार को हाथी ने उन्हें सूंड से धक्का मार दिया. धक्का लगने से खोखन झाड़ी में जाकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया.
सिर में लगी चोट, एक्स-रे के बाद घर भेजा गया
अस्पताल में डॉ शंकर टुडू ने खोखन सिंह का प्राथमिक उपचार किया. उनके सिर में चोट लगी थी. चोट की स्थिति स्पष्ट करने के लिए एक्स-रे कराया गया. उपचार के बाद उन्हें उनके बेटे सोनू सिंह के साथ घर भेज दिया गया. घटना के बाद ग्रामीणों में हाथी को लेकर दहशत बढ़ गयी है.
हाथी देखने पहुंच रहे ग्रामीण, बढ़ रहा खतरा
बताया गया कि हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया है और पिछले कुछ समय से इलाके में इधर-उधर घूम रहा है. हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलते ही ग्रामीण उसे देखने के लिए मौके पर पहुंच रहे हैं. इसी दौरान खोखन सिंह भी हाथी को देखने गये थे. भीड़ और लोगों की नजदीकी से हाथी के उग्र होने का खतरा बना हुआ है.
वन विभाग ने की नजदीक नहीं जाने की अपील
घाटशिला वन विभाग की टीम ने घटना की सूचना वरीय पदाधिकारियों को दे दी है. विभाग हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है. ग्रामीणों से अपील की गयी है कि हाथी दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और न ही उसे घेरने या छेड़ने का प्रयास करें. वन विभाग हाथी को सुरक्षित तरीके से क्षेत्र से निकालकर उसके झुंड तक पहुंचाने की दिशा में भी निगरानी कर रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए