छात्रों के भविष्य पर राजनीति बंद करे भाजपा, अदालत में लंबित मामलों को हथियार बनाना दुर्भाग्यपूर्ण : विक्टर सोरेन
कोर कमेटी के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक करते जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन व अन्य.
झामुमो के जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने भाजपा पर छात्रों के मुद्दों को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की मांगों को लेकर गंभीर है और समस्याओं के समाधान के लिए कदम उठा रही है. भाजपा को युवाओं को भड़काने की बजाय रोजगार पर ध्यान देना चाहिए.
जमशेदपुर : साकची स्थित झामुमो जिला संपर्क कार्यालय में झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कोर कमेटी के सदस्यों के साथ ज्वलंत मुद्दों पर समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य के छात्रों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार बहुत गंभीर है. सरकार ने दोषियों पर त्वरित कार्रवाई करने के साथ-साथ समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाये हैं. इसके बावजूद जेपीएससी 11वीं व 12वीं, एफएसओ, जेएसएससी-सीजीएल और सीडीपीओ से जुड़े मामलों में अदालत द्वारा दिये गये आदेशों व स्थगन को राजनीतिक रंग देना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है.
आपके शहर में
भाजपा युवाओं को भड़काने का कर रही प्रयास
उन्होंने कहा कि न्यायालय में विचाराधीन मामलों पर फैसला अदालत करेगी, लेकिन भाजपा इसे जानबूझकर राजनीतिक मुद्दा बनाकर राज्य के युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रही है. छात्रों के नाम पर राजनीति करने वालों को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे सच में युवाओं के हितैषी हैं या अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन करना और छात्रों के मुद्दों को राजनीतिक टकराव में बदलना बंद होना चाहिए. भाजपा को युवाओं के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करने से बाज आना चाहिए.
लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ मजबूती से खड़ी है झामुमो
भाजपा के दोहरे रवैये पर सवाल उठाते हुए जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि एक तरफ भाजपा संविधान और युवाओं के अधिकारों की बातें करती है, वहीं दूसरी ओर युवाओं के आंदोलनों पर दमन के आरोप सामने आते रहे हैं. झारखंड का युवा पूरी तरह जागरूक है और समझता है कि उसके संघर्ष में कौन साथ है और कौन सिर्फ राजनीतिक लाभ उठाना चाहता है. झामुमो छात्रों और युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ मजबूती से खड़ा है. राज्य के युवाओं को राजनीतिक नारे नहीं बल्कि रोजगार और परीक्षाओं के समाधान चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए