जमशेदपुर जुलूस-ए-मोहम्मदी 2026: 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस..जानें रूट, समय और पूरी व्यवस्था
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल लोग
जमशेदपुर में 26 अगस्त 2026 को ईद मिलादुन्नबी का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा. इस अवसर पर 18वां मोतहदा जुलूस-ए-मोहम्मदी मानगो गांधी मैदान से निकलेगा. 500 से अधिक प्रशिक्षित वॉलंटियर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालेंगे.
जमशेदपुर: लौहनगरी में 26 अगस्त 2026, बुधवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा. इस अवसर पर 18वां मोतहदा जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जायेगा. यह जुलूस मानगो गांधी मैदान से शुरू होकर साकची गोलचक्कर और जुस्को गोलचक्कर होते हुए धतकीडीह सामुदायिक मैदान में संपन्न होगा.
आपके शहर में
आयोजन को लेकर तंजीम अहले सुन्नत व जमात की तीसरी महत्वपूर्ण बैठक मानगो में आयोजित की गयी. बैठक में तंजीम के पदाधिकारियों, शहर के प्रमुख धर्मगुरुओं, विभिन्न मस्जिदों के इमामों और बुद्धिजीवियों ने हिस्सा लिया.
जमशेदपुर जुलूस-ए-मोहम्मदी 2026: सुबह 8:30 बजे निकलेगा जुलूस
धातकीडीह मदरसा फैजुल उलूम में शनिवार को आयोजित बैठक के बाद तंजीम के जनरल सेक्रेटरी व इस्लामिक स्कॉलर मुफ्ती जियाउल मुस्तफा कादरी ने बताया कि जुलूस सुबह 8:30 बजे मानगो गांधी मैदान से रवाना होगा. जुलूस पहले साकची आम बागान मैदान पहुंचेगा, जहां उलेमा-ए-कराम की तकरीर और सामूहिक दुआ होगी.
इसके बाद दोपहर 12 बजे जुलूस आम बागान से रवाना होकर साकची गोलचक्कर, स्ट्रेट माइल रोड व जुस्को गोलचक्कर होते हुए धतकीडीह सामुदायिक मैदान पहुंचेगा. वहां दोपहर 2:30 बजे तकरीर व दुआ के साथ समापन होगा. समापन के बाद दोपहर 3 बजे मक्का मस्जिद में जोहर की नमाज की दूसरी जमाअत होगी.
जमशेदपुर जुलूस-ए-मोहम्मदी 2026: 500 ट्रेंड वॉलंटियर संभालेंगे सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था
तंजीम के मौलाना शमशादुल कादरी ने बताया कि छोटे ट्रक और बाइक सवार जुलूस के पीछे चलेंगे. जुलूस को अनुशासित रखने के लिए धतकीडीह, जुगसलाई और आजादनगर में 500 से अधिक वॉलंटियरों को विशेष प्रशिक्षण दिया जायेगा. प्रशिक्षित वॉलंटियरों को सेफ्टी टी-शर्ट और आईडी कार्ड जारी किया जायेगा. ये कार्यकर्ता रूट पर आम राहगीरों की सुविधा और यातायात व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करेंगे.
कौन थे मौजूद?
बैठक में मुफ्ती जियाउल मुस्तफा कादरी, अल्हाज मुख्तार सफी, मौलाना बुरहानुल होदा, मौलाना शमशादुल कादरी, मौलाना कलीमुद्दीन मुजाहिदी, माजिद अख्तर, मौलाना महफूज, मौलाना सगीर आलम, कारी असलम रब्बानी, कारी रियाजुद्दीन, मौलाना मेहताब, मुफ्ती ओवैस रजा अजहरी, मौलाना इनामुल हक फैजी, मौलाना गुलाम सिरानी समेत कई गणमान्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए