Jamshedpur news: जनाजा लेकर जाते समय कीचड़ में फिसले लोग, एक घायल... अब सड़क के लिए धरने पर बैठे
धरने पर बैठे समाजसेवी
जमशेदपुर में कब्रिस्तान की ओर जाने वाला मार्ग बारिश के कारण बेहद खतरनाक हो गया है. कीचड़ और फिसलन के कारण लोगों को परेशानी हो रही है, जिससे एक व्यक्ति घायल भी हुआ है. इस गंभीर समस्या को लेकर अब समाजसेवी धरने पर बैठ गए हैं.
जमशेदपुर. आजादनगर स्थित जाकिरनगर मुस्लिम वक्फ कब्रिस्तान की ओर जाने वाला मार्ग बारिश के बाद बदहाली की चरम सीमा पर पहुंच गया है. ओल्ड पुरुलिया मेन रोड से कब्रिस्तान की तरफ जाने वाला लगभग सवा सौ मीटर का यह संपर्क पथ कीचड़ और भारी फिसलन के कारण बेहद खतरनाक बन चुका है. गुरुवार को हुई बारिश के दौरान यहां स्थिति उस वक्त हृदयविदारक हो गई, जब जनाजा लेकर कब्रिस्तान जा रहे लोगों का संतुलन बिगड़ गया और एक व्यक्ति कीचड़ में गिरकर चोटिल हो गया.
आपके शहर में
अंतिम सफर का रास्ता तो कम से कम सुरक्षित हो

अंतिम सफर के इस दर्दनाक मंजर और जनप्रतिनिधियों की बेरुखी के खिलाफ मानगो निवासी सह समाजसेवी आफताब अहमद सिद्दकी शुक्रवार को सांकेतिक धरने पर बैठ गए. उन्होंने कहा कि इंसान के अंतिम सफर का रास्ता तो कम से कम सुरक्षित होना चाहिए. बारिश में यहां हर पल अनहोनी की आशंका बनी रहती है. निकट भविष्य में जनाजे के साथ कोई बड़ा हादसा न हो, इसी उद्देश्य से प्रशासन को जगाने के लिए यह धरना दिया गया है. धरने में उन्हें काफी समाजसेवी संगठनों का समर्थन मिल रहा है.
नगर निगम प्रशासन से की अपील
आफताब अहमद ने क्षेत्र के सांसद, विधायक, मेयर व नगर निगम प्रशासन से मार्मिक अपील करते हुए कहा कि वे इस मानवीय समस्या को गंभीरता से लें और करीब 125 मीटर लंबे इस उपेक्षित मार्ग का पक्का निर्माण अविलंब सुनिश्चित कराएं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए