Jamshedpur news: जमशेदपुर में आज चलेगा बुलडोजर, टूटेंगे 16 घर..जानें किस इलाके में होने वाली है कारवाई

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक फोटो

जमशेदपुर में जिला प्रशासन सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण पर सख्त हो गया है. स्वर्णरेखा नदी के किनारे बने 16 अवैध मकानों को दो दिनों में ध्वस्त करने की पूरी तैयारी कर ली गई है. यह कार्रवाई नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के सख्त आदेश पर की जा रही है.

विज्ञापन

जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. स्वर्णरेखा नदी के किनारे अतिक्रमण कर बनाए गए 16 मकानों को ध्वस्त करने के लिए प्रशासन ने दोबारा पूरी तैयारी कर ली है. उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर मानगो अंचलाधिकारी ब्रजेश श्रीवास्तव ने सभी प्रभावित परिवारों को नोटिस तामिला करा दिया है. गुरुवार को सीओ ने खुद अतिक्रमण स्थल का जायजा लिया और निवासियों को घर खाली करने की अंतिम चेतावनी दी.

आपके शहर में

विज्ञापन

दो दिनों का विशेष शेड्यूल, तैनात किए गए मजिस्ट्रेट

प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिवसीय कार्ययोजना तैयार की गयी है. शुक्रवार को वार्ड नंबर 8 के अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित चाणक्यपुरी के पास नदी किनारे बने तीन मकानों को तोड़ा जाएगा. इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो मजिस्ट्रेटों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. वहीं, शनिवार को वार्ड नंबर 10 स्थित गौड़ बस्ती के पास कार्रवाई होगी, जहां नदी किनारे निर्मित 13 मकानों को ध्वस्त किया जायेगा.

एनजीटी के सख्त आदेश पर हो रही कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के कोलकाता बेंच के आदेश पर की जा रही है. एनजीटी ने स्वर्णरेखा नदी के किनारे अवैध अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए थे. इससे पूर्व 4 और 6 अगस्त को भी कार्रवाई की तिथि निर्धारित थी, लेकिन श्रावणी मेले में पुलिस बल की व्यस्तता और जवानों के देवघर ड्यूटी पर होने के कारण इसे टालना पड़ा था.

प्रशासन के लिए कार्रवाई करना हुआ अनिवार्य

एनजीटी द्वारा बार-बार रिपोर्ट तलब करने और मामले की गंभीरता को देखते हुए अब जिला प्रशासन किसी भी हाल में इस अभियान को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन और नदी के कैचमेंट एरिया को अतिक्रमण मुक्त कराना प्राथमिकता है, ताकि भविष्य में जलस्रोत की रक्षा हो सके. शुक्रवार से शुरू हो रहा यह बुलडोजर एक्शन अतिक्रमणकारियों के लिए कड़ा संदेश है.


विज्ञापन
भूमि शर्मा

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola