शेयर ट्रेडिंग और पेंशन कार्ड का लालच देकर ठगों ने उड़ाए 7.43 लाख, व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए रचा खेल..
सांकेतिक तस्वीर
जमशेदपुर में साइबर ठगों ने शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर और पेंशन कार्ड अपडेट के बहाने दो लोगों से कुल 7.43 लाख रुपये की ठगी की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
जमशेदपुर: साइबर अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, एैसा एक और मामला जमशेदपुर में फिर देखने को मिला है. शहर के गोविंदपुर और घाटशिला में ठगों ने नये-नये पैंतरे अपनाते हुए दो लोगों को अपना शिकार बनाया और उनकी कमाई के 7.43 लाख रुपये हड़प लिये.
आपके शहर में
एक तरफ जहां शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा देकर लाखों की ठगी हुई, वहीं दूसरी तरफ बुजुर्ग को पेंशन कार्ड का लालच देकर बैंक खाता खाली कर दिया गया. पीड़ितों की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए शेयर ट्रेडिंग में ठगी
गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पहले मामले में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए अपने जाल में फंसाया. ठगों ने शेयर मार्केट में निवेश करने पर कम समय में पैसे दोगुना करने का लालच दिया.
शातिरों के झांसे में आकर पीड़ित ने उनके बताए गए विभिन्न बैंक खातों में किस्तों के जरिए कुल 4 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिये. लेकिन जब उन्होंने अपना मुनाफा और मूल रकम वापस निकालनी चाही, तो ठगों ने और पैसों की मांग शुरू कर दी. तब जाकर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से गुहार लगायी.
पेंशन कार्ड अपडेट कराने के नाम पर उड़ाए 3.43 लाख
वहीं, दूसरा मामला घाटशिला के गोपालपुर का है. यहां एक बुजुर्ग को निशाना बनाते हुए साइबर अपराधियों ने खुद को बैंक या सरकारी अधिकारी बताकर फोन किया. ठगों ने उनका पेंशन कार्ड अपडेट करने और रुकी हुई पेंशन चालू कराने का भरोसा दिलाया. बातों के जाल में उलझाकर शातिरों ने उनसे बैंक खाते की गोपनीय जानकारियां और ओटीपी हासिल कर ली. इसके बाद पलक झपकते ही उनके खाते से 3.43 लाख रुपये उड़ा लिए गये.
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
दोनों मामलों से जुड़े पीड़ितों ने जमशेदपुर स्थित साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी है. पुलिस का कहना है कि ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की डिटेल खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके. साथ ही, पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी शेयर न करें और सोशल मीडिया पर आने वाले लुभावने शेयर ट्रेडिंग ऑफर्स से पूरी तरह सतर्क रहें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए