शहर की सड़कों पर अब मनमाने ढंग से नहीं चलेंगे ऑटो, सभी का होगा रूट निर्धारण

Author Ashok jha
Updated:
विज्ञापन
शहर की सड़कों पर अब मनमाने ढंग से नहीं चलेंगे ऑटो, सभी का होगा रूट निर्धारण

शहर की सड़कों पर अब नहीं दौड़ेंगे मनमाने ऑटो, रूट निर्धारण की तैयारी

विज्ञापन

फ्लैग :: यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जेएनएसी ने बनाया मास्टर प्लान

——————————————————————- मार्ग तकनीकी समिति की बैठक में शहर को जाममुक्त करने के लिए लिये गये कई निर्णय

– शीतला मंदिर मार्ग को वन-वे और आम बागान के पास नया रास्ता निकालने पर हुई चर्चा

– पार्किंग स्थलों पर कार्यरत कर्मियों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य करने का निर्देश दिया गया

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) ने मास्टर प्लान तैयार किया है. इसके तहत जमशेदपुर की सड़कों पर अब मनमाने ढंग से ऑटो नहीं चलेंगे, सभी का रूट निर्धारण होगा. शुक्रवार को उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में हुई मार्ग तकनीकी समिति की बैठक में शहर को जाममुक्त करने के लिए कई निर्णय लिये गये. वहीं, शहर की पार्किंग स्थलों का नये सिरे से सर्वे कराया जायेगा, ताकि उनकी वास्तविक क्षमता का आकलन कर विस्तार किया जा सके. बैठक में साकची स्थित शीतला मंदिर मार्ग को वन-वे करने और आम बागान के पास नया रास्ता निकालने पर भी चर्चा हुई. पार्किंग स्थलों पर कार्यरत कर्मियों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य करने का निर्देश दिया गया. बैठक में ट्रैफिक पुलिस, टाटा स्टील, चेंबर ऑफ कॉमर्स, अग्निशमन विभाग के प्रतिनिधि, सिटी मैनेजर और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

20 हजार ऑटो का दबाव, रूट तय नहीं होने से लग रहा जाम

वर्तमान में जमशेदपुर की सड़कों पर प्रतिदिन 20 हजार से ज्यादा ऑटो का परिचालन हो रहा है. ऑटो का रूट निर्धारण नहीं होने के कारण कई रूटों पर क्षमता से कहीं अधिक ऑटो चल रहे हैं. सबसे गंभीर स्थिति तब उत्पन्न होती है, जब ये ऑटो ”नो पार्किंग” जोन से सवारी बैठाते हैं. जिससे प्रमुख सड़कों पर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है. इसे देखते हुए अब जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ ) के साथ मिलकर ऑटो के लिए विशेष रूट तय करने पर मंथन किया जायेगा.

साकची और बिष्टुपुर में पार्किंग का होगा विस्तार

साकची और बिष्टुपुर में पार्किंग की कमी को दूर करने के लिए नये पार्किंग जोन विकसित किये जायेंगे. साकची को जाममुक्त करने के लिए जेएनएसी 1.01 करोड़ से पेवर्स ब्लॉक लगाकर नया पार्किंग एरिया विकसित करेगी. साथ ही, साकची के आम बागान मैदान में बसों की अवैध पार्किंग करने वालों और सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने वालों पर परिवहन विभाग को भारी जुर्माना लगाने का निर्देश दिया गया है.

व्यवसायियों से अपील- सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त रखें

उप नगर आयुक्त ने दुकानदारों और व्यवसायियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क पर नहीं रखें और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त रखें. ऐसा न करने पर इनफोर्समेंट टीम द्वारा जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जायेगी. फुटपाथ को खाली कराने के लिए हर एरिया में नये वेंडिंग जोन विकसित किये जायेंगे.

———————————

बैठक की मुख्य बातें

– पार्किंग एरिया में वाहनों की क्षमता और विस्तार की संभावनाओं का पता लगाया जायेगा

– चेंबर ने कालीमाटी रोड में जाम से मुक्ति और समुचित पार्किंग का सुझाव दिया

– प्रमुख सड़कों पर नो-पार्किंग जोन का स्पष्ट सीमांकन किया जायेगा

विज्ञापन
अशोक झा

लेखक के बारे में

By अशोक झा

अशोक झा प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पलासी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola