खनिज संशोधन अधिनियम का विरोध, इस दिन 11 प्रखंड कार्यालयों में धरना देंगे झामुमो कार्यकर्ता
बैठक को संबोधित करते जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन.
झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने खान एवं खनिज संशोधन अधिनियम 2026 के विरोध में जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है. 7 सितंबर को 11 प्रखंडों में धरना-प्रदर्शन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.
जमशेदपुर : झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की बैठक मंगलवार देर शाम बिष्टुपुर स्थित सर्किट हाउस सभागार में जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन की अध्यक्षता में हुई. इसमें खान एवं खनिज संशोधन अधिनियम 2026 के विरोध में केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर चलाए जाने वाले जनजागरण अभियान और 7 सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई.
आपके शहर में
बूथ स्तर तक पहुंचेगा अभियान
बैठक में केंद्रीय कार्यसमिति से मिले निर्देशों पर विस्तार से चर्चा हुई. जिला समिति ने 31 अगस्त तक जिले में बूथ स्तर पर जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया. अभियान के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को खान एवं खनिज संशोधन अधिनियम 2026 के प्रावधानों और इसके संभावित प्रभावों की जानकारी दी जाएगी. इसके लिए प्रखंड, पंचायत, नगर समिति और शाखा समितियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा.
7 सितंबर को 11 प्रखंडों में धरना
7 सितंबर को जिले के 11 प्रखंड कार्यालयों और चार अधिसूचित नगर प्राधिकरणों में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. जिला समिति ने सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है. कार्यक्रम में महिला नेत्रियों, झारखंड आंदोलनकारियों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और समान विचारधारा वाले लोगों को भी शामिल करने की तैयारी है. कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की पारंपरिक तीर-धनुष समेत अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ उपस्थिति सुनिश्चित करने की रणनीति भी बनाई गई. केंद्रीय और जिला पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
समीर मोहंती और मंगल कालिंदी ने दिया सहयोग का भरोसा
बैठक में केंद्रीय सचिव सह बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती और जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी मौजूद रहे. दोनों नेताओं ने कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला और प्रखंड समितियों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया. बैठक में राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजू गिरी, पूर्व सांसद सुमन महतो, केंद्रीय सदस्य शेख बदरुद्दीन, प्रमोद लाल, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, विद्या सागर दास, मो. जलील, जिला सचिव रतन महतो, जिला संगठन सचिव शेख नासिर खान, माणिक मल्लिक, जिला कोषाध्यक्ष कालीपदो गोराई, जिला कार्यालय सचिव प्रीतम हेंब्रम, सह कार्यालय सचिव सुशील हेंब्रम और अभय पाण्डेय समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए