कोलकाता से रांची जा रही मर्सिडीज घाटशिला में टैंकर से टकराई, और फिर...
जगन्नाथपुर एनएच में क्षतिग्रस्त मर्सिडीज कार.
घाटशिला के जगन्नाथपुर हाईवे पर मर्सिडीज कार और टैंकर की जोरदार टक्कर हुई. हादसे में सवार लोग सुरक्षित हैं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया.
घाटशिला : घाटशिला में मंगलवार सुबह जगन्नाथपुर डिवाइडर के पास कोलकाता से रांची जा रही मर्सिडीज ई220डी पीछे से टैंकर में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. हालांकि, कार में सवार दोनों लोग बाल-बाल बच गये.
आपके शहर में
टक्कर के बाद चालक को लगी मामूली चोट, साथी सुरक्षित
बताया जाता है कि कार में रांची के हरिओम टावर रेजिडेंस निवासी केशव अग्रवाल और आदित्य अग्रवाल सवार थे. हादसे में चालक केशव अग्रवाल को मामूली चोट लगी. वहीं, आदित्य अग्रवाल सुरक्षित रहे. दुर्घटना के बाद चालक ने मौके पर ही प्राथमिक उपचार किया. हादसे की सूचना मिलते ही घाटशिला थाना के एएसआई राजेंद्र मंडल पेट्रोलिंग टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल पर पूछताछ की. क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे हटाकर एक होटल के पास खड़ा कराया, ताकि यातायात बाधित न हो.
टक्कर के बाद टैंकर भी निकल गया
हादसे के बाद जिस टैंकर से कार की टक्कर हुई, वह भी मौके से आगे निकल गया. वाहन मालिक की ओर से घटना को लेकर अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गयी है. बताया गया कि कार को ले जाने के लिए एक दूसरी गाड़ी रास्ते में है. उसके पहुंचने के बाद क्षतिग्रस्त मर्सिडीज को टोचन कर सर्विस सेंटर भेजा जायेगा. वहीं, कार में सवार दोनों लोग दूसरी गाड़ी से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए