लोकसभा चुनाव: कोल्हान की दोनों लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी झामुमो, जमशेदपुर में बोले सीएम चंपाई सोरेन

सीएम चंपाई सोरेन
झारखंड के सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि कोल्हान की दोनों लोकसभा सीटों पर झामुमो चुनाव लड़ेगी. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया.
Lok sabha election 2024: जमशेदपुर-मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि झामुमो कोल्हान की दोनों लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. पार्टी के नेता व कार्यकर्ता सिंहभूम और जमशेदपुर लोकसभा सीट पर जीत को सुनिश्चित करने के लिए तैयारी पर जुट जायें. भाजपा ने सोचा था झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भेज देने से झामुमो टूट जायेगा, लेकिन भाजपा को पता होना चाहिए कि झामुमो आंदोलन की उपज है. यह कभी टूटने वाला नहीं है. अब टूटने की बारी है तो भाजपा की. विगत विधानसभा चुनाव में महागठबंधन ने भाजपा को कोल्हान में 14 में से एक भी सीट पर काबिज नहीं होना दिया था. इस बार भाजपा को कोल्हान के सभी विधानसभा सीट के साथ-साथ दोनों लोकसभा सीट से भी बेदखल कर दिया जायेगा. यह बातें शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन में आयोजित पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में कहीं.
भाजपा को करना है पराजित
सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व जिस किसी को भी अपना उम्मीदवार बनाकर भेजे, पार्टी के सभी नेता व कार्यकर्ता अपनी पूरी दमखम के साथ उसे जिताने में लगायें. पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं को अपना मनोबल हमेशा ऊंचा रखना है और आसन्न लोकसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार को सर्वाधिक वोट दिलाकर भाजपा को पराजित करना है. कार्यकर्ता के साथ संवाद कार्यक्रम में विधायक मंगल कालिंदी, विधायक संजीव सरदार, विधायक सविता महतो, पूर्व सांसद सुमन महतो, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, मोहन कर्मकार, प्रमोद लाल, राजू गिरी, हिदायतुल्लाह खान, सागेन पूर्ति, बहादुर किस्कू, बाघराय मार्डी, बीरसिंह सुरीन, प्रीतम हेंब्रम समेत अन्य मौजूद थे.
पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी
चंपाई सोरेन ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले के झामुमो जिलाध्यक्ष सह घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन अस्वस्थ चल रहे हैं, इसलिए केंद्रीय, जिला, प्रखंड व पंचायत स्तर के सभी नेताओं की जिम्मेदारी बढ़ गयी है. पार्टी के सभी नेता व कार्यकर्ताओं के प्रति अपनी जवाबदेही को समझें और उसके अनुरूप कार्य करें. आप सबों को पहले भी पार्टी की जीत को सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर बाकी नहीं रखा था. इस बार पार्टी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कमी खलेगी, लेकिन इस कमी को अपनी ताकत बनाना है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




