यहां जानें खान और खनिज संशोधन बिल का क्यों हो रहा विरोध

Updated:
विज्ञापन

कुंडू भवन में प्रखंड कमेटी की बैठक में शामिल लोग.

झारखंड में खान व खनिज संशोधन बिल के विरोध में झामुमो ने बड़े जनांदोलन की घोषणा की है. पार्टी का कहना है कि यह बिल राज्य के निवासियों के अधिकारों पर सीधा हमला है. जानें क्या है पूरी योजना.

विज्ञापन

जमशेदपुर : खान व खनिज संशोधन बिल के विरोध में झामुमो केंद्रीय समिति ने बड़े जनांदोलन की घोषणा की है. पार्टी की ओर से सड़क से लेकर दिल्ली तक जोरदार आंदोलन चलाया जाएगा. इसी कड़ी में शुक्रवार को खासमहल स्थित कुंडू भवन में पलटन मुर्मू की अध्यक्षता में जमशेदपुर प्रखंड कमेटी की बैठक आयोजित की गयी. इसमें संशोधन विधेयक 2026 के दुष्परिणामों पर चर्चा की गई. केंद्र सरकार के खिलाफ उग्र रणनीति तैयार की गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

खान-खनिज संशोधन बिल झारखंड के निवासियों के अधिकारों पर हमला : पलटन

बैठक में झामुमो जमशेदपुर प्रखंड अध्यक्ष पलटन मुर्मू ने कहा - खान-खनिज संशोधन बिल झारखंड और यहां के निवासियों के अधिकारों पर सीधा हमला है. केंद्र सरकार इस काले कानून को अविलंब वापस ले, अन्यथा पार्टी शहर से लेकर गांव-गांव तक आंदोलन का बिगुल फूंकेगी. उन्होंने कहा - राज्य हमारा है, खान और खनिज हमारे हैं. विस्थापन और पलायन का दंश झारखंड की जनता झेले और इससे मिलने वाली राजस्व की राशि पर केंद्र सरकार का कब्जा हो, यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है. यह झारखंडवासियों के साथ सरासर धोखा है, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जरूरत पड़ी तो कोल्हान से खनिज का एक ढेला भी बाहर नहीं जाने दिया जाएगा.

प्रखंड के सभी 55 पंचायतों में चलेगा जागरूकता सह विरोध अभियान

पलटन मुर्मू ने बताया - जमशेदपुर प्रखंड समिति इसके तहत आने वाली सभी 55 पंचायतों में एमएमडीआर (MMDR) संशोधन विधेयक के खिलाफ व्यापक अभियान चलाएगी. पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर आम जनता को इस बिल से होने वाले आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी देंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रखंड स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई है. अब केवल केंद्रीय समिति के अंतिम दिशा-निर्देशों का इंतजार है. केंद्रीय नेतृत्व का इशारा मिलते ही झामुमो के नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जनांदोलन की शुरुआत कर देंगे.

केंद्र सरकार राज्य का विकास नहीं, विनाश चाहती है : बहादुर किस्कू

पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू ने केंद्र सरकार की नीतियों पर प्रहार करते हुए कहा कि दिल्ली की मनमानी झारखंड की धरती पर नहीं चलने दी जाएगी. जिस तरह से यह संशोधन विधेयक लाया जा रहा है, उससे साफ प्रतीत होता है कि केंद्र सरकार झारखंड की जनता का विकास नहीं, बल्कि विनाश चाहती है. उन्होंने कहा - केंद्र सरकार के गलत मंसूबों को किसी भी कीमत पर झारखंड में लागू नहीं होने दिया जाएगा.

बैठक में ये थे मौजूद

बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, सागेन पूर्ति, महावीर मुर्मू, बहादुर किस्कू, सचिव जगत मार्डी, मिथुन चक्रवर्ती, सरस्वती टुडू, नाशिर खान, मायावती टुडू, जोबा मार्डी, मनोज मुर्मू, नीता सरकार, द्रौपदी मुंडा सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे.


विज्ञापन
दशमत सोरेन

लेखक के बारे में

By दशमत सोरेन

दशमत सोरेन ने रांची विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर किया है. वे 29 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उनकी विशेषज्ञता मुख्य रूप से झारखंड की आदिवासी-मूलवासी राजनीति, स्थानीय समुदायों की भाषा-संस्कृति और यहां के सामाजिक ताना-बाना है. वे वर्ष 2010 से प्रभात खबर के साथ एक ट्राइबल रिपोर्टर के रूप में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola