अब इस विश्वविद्यालय की छात्राएं उड़ाएंगी ड्रोन, इसरो स्पेस के सर्टिफिकेट कोर्स भी होंगे शुरू...

Updated:
विज्ञापन

जमशेदपुर विमेंस विश्वविद्यालय.

जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय अपना पहला दीक्षांत समारोह मना रहा है, जिसमें 54 मेधावी छात्राओं को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा. साथ ही, विश्वविद्यालय पहली बार ड्रोन और इसरो स्पेस जैसे नए स्किल डेवलपमेंट कोर्स भी शुरू कर रहा है.

विज्ञापन

जमशेदपुर : महिला विश्वविद्यालय के इतिहास में 8 सितंबर का दिन खास होने जा रहा है. सिदगोड़ा परिसर स्थित विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह एक्सएलआरआइ ऑडिटोरियम में आयोजित होगा. समारोह में 54 मेधावी छात्राओं को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा. वहीं, पहली बार विश्वविद्यालय के चार शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी. समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. साथ ही दीक्षांत समारोह के दिन से ही ड्रोन उड़ाने की ट्रेनिंग के लिए एक कोर्स की भी शुरुआत होगी. अब विश्विद्यालय की छात्राएं ड्रोन उड़ाएंगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

छात्राओं के लिए शुरू होंगे ड्रोन और इसरो स्पेस कोर्स

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुलपति ने विश्वविद्यालय की आगामी योजनाओं की भी जानकारी दी. उन्होंने बताया - छात्राओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के लिए जल्द ही ड्रोन स्किल और इसरो स्पेस सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किये जाएंगे. इन पाठ्यक्रमों के लिए विश्वविद्यालय दो नये एमओयू करने जा रहा है. छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इनकी कक्षाएं सुबह या शाम के सत्र में आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक छात्राएं इनका लाभ उठा सकें.

1990 छात्राओं ने कराया है रजिस्ट्रेशन

शनिवार को जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा परिसर स्थित कांफ्रेंस हॉल में कुलपति प्रो. इला कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की जानकारी दी गयी. उन्होंने बताया कि कुलाधिपति के दिशा-निर्देश के अनुसार आयोजित होने वाले समारोह में कुल 1990 छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है.

राज्यपाल करेंगे समारोह की अध्यक्षता

कुलपति ने बताया - दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार करेंगे. वहीं, सीएसआइआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. समारोह की शुरुआत भव्य एकेडमिक परेड से होगी. इसमें सीनेट, सिंडिकेट, एकेडमिक काउंसिल के सदस्य और विश्वविद्यालय के स्थायी शिक्षक शामिल होंगे.

54 छात्राओं को गोल्ड मेडल, टॉपर को मिलेगा डॉ. रेखा झा मेडल

दीक्षांत समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों की 54 मेधावी छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा. अर्थशास्त्र विषय की टॉपर छात्रा को विशेष रूप से 'डॉ. रेखा झा मेडल' से सम्मानित किया जाएगा. विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार चार शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी. कुलपति ने इसे विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. पहली बार चांसलर ट्रॉफी और विशेष अंगवस्त्र दीक्षांत समारोह में इस बार कई आकर्षण भी होंगे. विश्वविद्यालय की ओर से पहली बार चांसलर ट्रॉफी प्रदान की जाएगी. साथ ही एनएसएस वॉलिंटियर्स और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा.

एनईपी पाठ्यक्रम पूरा करना बड़ी उपलब्धि

कुलपति ने बताया - विश्वविद्यालय ने स्नातक स्तर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. उन्होंने इसे विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल बताया. प्रेस कॉन्फ्रेंस में परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमा सुब्रमण्यम और कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर ने दीक्षांत समारोह से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी. धन्यवाद ज्ञापन डॉ. पुष्पा कुमारी ने किया.

पूर्व छात्राओं को भी विश्वविद्यालय से जोड़ने की तैयारी

कुलपति ने बताया - विश्वविद्यालय की पूर्व छात्राओं को लगातार संस्थान से जोड़े रखने के लिए भी विशेष योजना तैयार की जा रही है. इसका उद्देश्य पूर्व छात्राओं के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ वर्तमान छात्राओं तक पहुंचाना है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया कमेटी के डॉ. नूपुर अन्विता मिंज, डॉ. मनीषा टाइटस, डॉ. सोनाली सिंह, डॉ. शालिनी प्रसाद और डॉ. रवि नेवार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola