टाटा मोटर्स में एक दिन पहले होगी विश्वकर्मा पूजा, कहीं महाभोग तो कहीं मिलेंगे मिठाई के कूपन

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जमशेदपुर में देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं. विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में प्लांट की सफाई, रंग-रोगन और पंडाल निर्माण का काम चल रहा है. जानें अलग-अलग कंपनियों में पूजा के साथ कर्मचारियों के लिए भोग, मिठाई और कूपन की क्या है व्यवस्था.

विज्ञापन

जमशेदपुर: औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा की तैयारियां तेज हो गयी हैं. टाटा समूह की प्रमुख कंपनियों समेत विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में प्लांट की सफाई, रंग-रोगन और पंडाल निर्माण का काम चल रहा है. इस वर्ष 17 सितंबर को अवकाश होने के कारण टाटा मोटर्स में 16 सितंबर को ही विभागवार विश्वकर्मा पूजा होगी. वहीं, अलग-अलग कंपनियों में पूजा के साथ कर्मचारियों के लिए भोग, मिठाई और कूपन की भी व्यवस्था की गयी है.

विज्ञापन

टाटा मोटर्स में 16 सितंबर को विभागवार पूजा

17 सितंबर को पूजा के दिन प्लांट बंद रहने के कारण टाटा मोटर्स में 16 सितंबर को डिवीजनवार पूजन होगा. प्लांट-1, प्लांट-2, प्लांट-3, सीटीआर, फाउंड्री, फोर्ज, वर्ल्ड ट्रक और फाइनल डिवीजन समेत तमाम विभागों में प्रतिमाएं स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की जायेगी.

पूजा में प्लांट हेड, विभागीय प्रमुख और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष, महामंत्री समेत सभी ऑफिस बियरर बारी-बारी से हर विभाग में शामिल होंगे. 17 सितंबर को कंपनी के जनरल ऑफिस गेट पर सामूहिक पूजा और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. इस दौरान मुख्य गेट खुला रहेगा और कर्मचारी सपरिवार पहुंच सकेंगे. प्रबंधन की ओर से गेट पास के आधार पर कर्मचारियों के बीच सोनपापड़ी और लड्डू के पैकेट बांटे जायेंगे.

टाटा कमिंस में 2011 से महाभोग की परंपरा

टाटा कमिंस के मुख्य द्वार यानी मेन गेट पर विश्वकर्मा पूजा के लिए पंडाल का निर्माण किया जा रहा है. यहां 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित होगी. कंपनी में मिठाई बांटने के बजाय बैठकर भोग खिलाने की परंपरा वर्ष 2011 से चली आ रही है.

इस बार कर्मचारियों, उनके माता-पिता, भाई-बहनों और पूरे परिवार के लिए महाभोग की व्यवस्था की गयी है. इसके लिए पहले ही कूपन फॉर्म भरवाये जा चुके हैं. पूजा के दौरान कंपनी के कर्मचारी और उनके बच्चे मिलकर आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगे.

टीएसडीपीएल की तीनों यूनिटों में होगी पूजा

टीएसडीपीएल यानी टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स लिमिटेड की बारा, डिमेट और सीआर सहित तीनों यूनिटों में विधिवत पूजा होगी. इसमें कंपनी प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधि शामिल होंगे. पूजा के बाद कैंटीन में विशेष भोग की व्यवस्था रहेगी.

प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों को 225 रुपये का स्वीट कूपन भी दिया जायेगा. पूजा के दिन प्लांट में अवकाश रहेगा.

टिमकेन इंडिया में पूजा के साथ रक्तदान शिविर

टिमकेन इंडिया में केंद्रीय आयोजन के साथ-साथ सभी विभागों में कर्मचारी अपने स्तर पर भी पूजा करेंगे. पूजा के दिन कंपनी परिसर में रक्तदान शिविर भी लगाया जायेगा.

कर्मचारियों को मिलने वाले 200 रुपये के कूपन की राशि सीधे वेतन में जोड़कर दी जायेगी. पूजा के दिन कर्मचारियों को काम से छूट रहेगी, लेकिन उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पंचिंग करनी होगी.

टाटा स्टील वायर डिवीजन में केंद्रीकृत पूजा, कूपन बंद

तार कंपनी यानी टाटा स्टील वायर डिवीजन में अब अलग-अलग विभागों के बजाय जनरल ऑफिस के समीप मुख्य पूजा का आयोजन होगा. सभी अधिकारी और कर्मचारी यहीं एकत्र होकर भगवान विश्वकर्मा को शीश नवायेंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे.

मर्जर के बाद से कंपनी में कूपन देने की पुरानी व्यवस्था बंद कर दी गयी है.

टाटा स्टील कलर्स के सेंट्रल वर्कशॉप में सजेगा दरबार

टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड यानी पुराने टाटा ब्लूस्कोप में सेंट्रल वर्कशॉप के भीतर मुख्य पूजा होगी. यहीं से सभी कर्मचारियों को प्रसाद के पैकेट दिये जायेंगे. विभागीय स्तर पर भी कर्मचारी अपने स्तर से पूजा-अर्चना करेंगे.

कंपनी स्तर पर अलग से किसी कूपन की व्यवस्था नहीं रखी गयी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola