शहर में चाकू दिखाकर लूट का खेल, सुबह-सुबह हॉकर समेत 3 लोगों को बनाया निशाना...पढ़ें पूरी खबर
Crime scene do not cross tape.
जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह चाकू की नोक पर लूट की वारदात हुई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को पकड़ा है.
जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के काचा नाला के पास मंगलवार की सुबह चाकू दिखाकर तीन लोगों से रुपये छीनने का मामला सामने आया है. छिनतई के बाद बदमाशों ने पीड़ितों के साथ मारपीट भी की और उन्हें मौके से भगा दिया. सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा पुलिस की पीसीआर और टाइगर मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर एक नाबालिग समेत चार लोगों को पकड़ लिया. पकड़े गये सभी आरोपी जगन्नाथपुर गांव के रहने वाले हैं.
घटना मंगलवार सुबह करीब 5.30 बजे की है. जानकारी के अनुसार, बदमाशों की संख्या चार-पांच बतायी जा रही है. वे स्टेशन की ओर जाने वाले लोगों को रास्ते में रोककर चाकू दिखा रहे थे और रुपये छीन रहे थे.
अखबार के हॉकर से छीने 1800 रुपये
घटना के संबंध में एक अखबार हॉकर ने बताया कि वह कमलपुर गांव का रहने वाला है. वह रोज सुबह करीब चार बजे स्टेशन पर अखबार खरीदने जाता है. मंगलवार को काचा नाला के पास चार-पांच युवकों ने उसे रोक लिया. बदमाशों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके पास से 1800 रुपये छीन लिये. इसके बाद उसके साथ मारपीट भी की.
इसी दौरान बदमाशों ने दो मछली विक्रेताओं से भी करीब एक हजार रुपये छीन लिये. बताया गया कि युवक उस रास्ते से आने-जाने वाले लोगों को चाकू का डर दिखाकर छिनतई कर रहे थे.
112 पर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद पीड़ितों ने अपने परिचितों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही बागबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और चार लोगों को पकड़ लिया. पुलिस पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ कर रही है. साथ ही उनके साथ शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए