SIR के काम में लगे निकाय कर्मी, जमशेदपुर में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनना बंद
मानगो नगर निगम
जमशेदपुर के जेएनएसी और मानगो नगर निगम में जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का काम पूरी तरह ठप है. SIR के कारण कर्मचारी ड्यूटी पर लगे हैं, जिससे 1500 से अधिक आवेदन लंबित हो गए हैं. लोगों के जरूरी सरकारी काम अटक गए हैं.
जमशेदपुर: शहरी क्षेत्र के जेएनएसी और मानगो नगर निगम में जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने का काम पूरी तरह बंद है. दोनों निकायों के कार्यालयों में प्रमाणपत्र बनवाने पहुंच रहे लोगों को काउंटर पर काम बंद होने का नोटिस देखकर निराश होकर लौटना पड़ रहा है. जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र नहीं बनने से लोगों के कई जरूरी सरकारी काम अटक गये हैं.
आपके शहर में
जानकारी के अनुसार, जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर एसआइआर के तहत अनमैप्ड मतदाताओं के दावे और आपत्तियों का कार्य चल रहा है. नगर निकायों के कर्मचारियों को भी इस कार्य में लगाया गया है. कर्मचारियों की ड्यूटी एसआइआर में लगाये जाने के कारण जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने के काउंटर बंद कर दिये गये हैं.
1500 से अधिक आवेदन लंबित
जेएनएसी और मानगो नगर निगम में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के 1500 से अधिक आवेदन लंबित हैं. प्रमाणपत्र बनवाने के लिए रोजाना लोग कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि जन्म प्रमाणपत्र नहीं मिलने से बच्चों के स्कूल में दाखिले, आधार कार्ड बनवाने समेत कई जरूरी सरकारी काम प्रभावित हो रहे हैं.
280 से अधिक आवेदन लंबित
जुगसलाई नगर परिषद में भी जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के 280 से अधिक आवेदन लंबित हैं. प्रमाणपत्र बनवाने के लिए पहुंच रहे लोगों को यहां से भी निराश होकर लौटना पड़ रहा है. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए जल्द व्यवस्था की जायेगी.
लोग बोले- रोज दफ्तर से लौटना पड़ रहा
जेएनएसी में जन्म प्रमाणपत्र बनवाने पहुंचे सैयद अरशद अली ने कहा कि यहां पहुंचने पर पता चला कि काम बंद है. सरकारी काम के लिए जन्म प्रमाणपत्र जरूरी है, लेकिन काउंटर बंद होने के कारण उनका काम अटक गया है.
सोनू कुमार ने कहा कि आधार कार्ड बनवाने के लिए जन्म प्रमाणपत्र की जरूरत है. अभी प्रमाणपत्र नहीं बन रहा है. यह भी जानकारी नहीं दी जा रही है कि काम कब शुरू होगा.
अमित कुमार ने कहा कि वह कई दिनों से कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं. हर बार निराश होकर लौटना पड़ रहा है. लोगों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गयी है.
विजय कुमार महली ने कहा कि उनका घर बोकारो में है और ससुराल जमशेदपुर में है. बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए विशेष रूप से जमशेदपुर आये थे, लेकिन काउंटर बंद होने के कारण परेशानी हो रही है.
एसआइआर का काम जरूरी
जेएनएसी के नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि एसआइआर के तहत दावा-आपत्ति का कार्य बहुत जरूरी है और इसे समय पर पूरा करना है. इसी वजह से नगर निकाय के कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है. जल्द ही जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने का काउंटर दोबारा शुरू कराया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए