झारखंड आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान, विधायक संजीव सरदार ने कही ये बड़ी बात
झारखंड आंदोलनकारियों को किया सम्मानित.
पोटका प्रखंड मुख्यालय में झारखंड आंदोलन के शहीदों और वीर सपूतों को नमन किया गया. विधायक संजीव सरदार ने आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और उनके बलिदान को अविस्मरणीय बताया.
पोटका : पोटका प्रखंड मुख्यालय परिसर में सोमवार को झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया. समारोह में अलग झारखंड राज्य के गठन के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रखंड क्षेत्र के चयनित दर्जनों आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया. विधायक संजीव सरदार ने आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया.
आपके शहर में
आंदोलनकारियों का त्याग और संघर्ष अविस्मरणीय : विधायक
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा - अलग झारखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों का संघर्ष, त्याग और योगदान अविस्मरणीय है. उनके लंबे संघर्ष और बलिदान के कारण ही अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हो सका. उन्होंने कहा - आंदोलनकारियों के संघर्ष को सम्मान देना पूरे समाज और राज्य की जिम्मेदारी है.
हेमंत सोरेन सरकार ने आंदोलनकारियों को दिया सम्मान : संजीव
विधायक ने कहा - झारखंड गठन के 26 वर्ष बीत जाने के बावजूद राज्य में कई बार भाजपा की सरकार रही, लेकिन आंदोलनकारियों को वह सम्मान नहीं मिल सका जिसके वे हकदार थे. उन्होंने कहा - अलग झारखंड राज्य आंदोलन के अगुआ दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पुत्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ने आंदोलनकारियों को सम्मान देने और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया है. उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान, उनकी पहचान और उनके अधिकारों के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है. आंदोलनकारियों को सम्मानित करना उनके संघर्ष को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का भी माध्यम है.
सम्मान पाकर भावुक हुए आंदोलनकारी
समारोह में सम्मान प्राप्त करने वाले आंदोलनकारियों ने खुशी जताई और झारखंड आंदोलन के दौरान बिताए संघर्ष के दिनों को याद किया. उन्होंने कहा - लंबे समय बाद उनके संघर्ष और योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मान मिलना उनके लिए गौरव का विषय है. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण मुंडा, पंचायत राज पदाधिकारी मनोज सिन्हा, पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, हीरामनी मुर्मू, झामुमो नेता सुनील महतो, सुधीर सोरेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए