दिनदहाड़े छिनतई...सुरक्षाकर्मी को बालू पर पटककर छीने 1500 रुपये और कागजात
सुनसान गली में गार्ड को पटका.
आजादनगर में सुरक्षाकर्मी उमाकांत महतो से दो युवकों ने स्कूटी पर सवार होकर ₹1500 और महत्वपूर्ण दस्तावेज छीन लिए. हाथापाई में उनका पैंट भी फट गया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
जमशेदपुर : आजादनगर थाना अंतर्गत रोड नंबर 16 स्थित मुस्कान रेसिडेंसी के समीप मंगलवार को सुरक्षाकर्मी उमाकांत महतो से 1500 रुपये की छिनतई कर ली गई. पीड़ित उमाकांत महतो मानगो मुंशी मोहल्ला में रहते हैं. वे घर से पैदल ड्यूटी जा रहे थे. इसी बीच एक स्कूटी पर सवार दो युवकों ने सुनसान गली का फायदा उठाकर उन्हें घेर लिया. घटना दोपहर करीब पौने दो बजे की है.
हाथापाई में फटा पैंट, जेब से नकदी और दस्तावेज पार
पीड़ित उमाकांत के अनुसार, दोनों बदमाशों ने उन्हें जबरन पास में पड़े बालू पर पटक दिया. हाथ मरोड़कर जेब में रखे लगभग 1500 रुपये नकदी समेत महत्वपूर्ण दस्तावेज छीन लिये. धक्का-मुक्की और हाथापाई के दौरान पीड़ित का पैंट भी फट गया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गये. घटना की जानकारी मिलते ही टाइगर मोबाइल के जवान मौके पर पहुंचे. मामले की जानकारी ली. इसके बाद पीड़ित ने आजाद नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गयी है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्तल के आस पास के सीसीटीवी फुटेज के खंगाला है. पुलिस के अनुसार बदमाशों का पता लगाया जा रहा है. इस वारदात के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है. लोगों का आरोप है कि पास में स्थित नेचर पार्क के आसपास अक्सर असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है. इससे आये दिन छिनतई की घटनाये घट रही हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार सुनसान गलियों और संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाई जाये तथा नशाखोरी के खिलाफ कड़ा अभियान चलाया जाये.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए