हर बारिश में तालाब बन जाता है ये रेलवे अंडरपास, ग्रामीणों को होती है परेशानी
अंडरपास में जमा पानी.
गालूडीह रेलवे अंडरपास में जलजमाव से ग्रामीणों का जीना मुहाल। बारिश के कारण रास्ता तालाब में तब्दील, आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं स्थानीय लोग।
गालूडीह : गालूडीह से धातकीडीह जाने वाली सड़क पर बने रेलवे अंडरपास में जल जमाव के कारण ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गयी है. बारिश के बाद अंडरपास में पानी जमा हो जाने से लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है. अंडरपास के नीचे तालाब जैसी स्थिति बनी हुई है. ग्रामीणों के अनुसार अंडरपास में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है. लगातार बारिश होने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है. पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का डर बना रहता है.
आपके शहर में
ग्रामीणों ने की स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीणों ने बताया - अंडरपास से होकर आसपास के गांवों के हजारों ग्रामीण रोजाना आवागमन करते हैं. विद्यार्थियों, मजदूरों और किसानों के लिए यह रास्ता महत्वपूर्ण है. जल जमाव के कारण कई बार लोगों को रास्ता बदलकर लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से अंडरपास में जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है.
हर बारिश में हो जाती है ऐसी स्थिति
ग्रामीणों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति दोहराती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है. जबकि अंडर पास कर ही गालूडीह पीएचसी, मस्जिद, आश्रम, कई लॉज, धातकीडीह, बोधपुर, गालूडीह आदिवासी बस्ती जाने का मुख्य मार्ग है.वर्षों से यहां के लोग यह समस्या से जूझ रहे हैं.कई बार रेल प्रशासन के आवेदन भी सौंपा गया. पर कोई पहल नहीं हुई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए