पेट्रोल पंप से तेल लेकर निकले मां-बेटे, एनएच-18 पर ट्रक से हो गयी टक्कर
धालभूमगढ़ में एनएच 18 पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया है.
धालभूमगढ़ : सोमवार की शाम मोहलीशोल एनएच 18 पर पेट्रोल पंप के सामने एक बाइक की ट्रक के साथ जबरदस्त टक्कर हो गयी. इसमें बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गये. सूचना पर टोल गेट पर तैनात एनएचएआई की एंबुलेंस से घायलों को नरसिंहगढ़ सीएचसी लाया गया. यहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को एमजीएम रेफर कर दिया गया. परिजन इलाज के लिए दोनों घायल मां बेटा को झाड़ग्राम ले गये हैं.
दोनों के सिर, हाथ और पैरों में आई चोट
जानकारी के अनुसार बालीदुमा निवासी उमेश महतो (18) एवं उसकी मां कपूर महतो (42) बाइक संख्या जेएच 05 एक्यु 7903 से पेट्रोल पंप से तेल लेकर निकल रहे थे. उसी समय तेज गति से एक ट्रक (डब्ल्यू बी 23 डी 2156) पीछे की ओर आ रहा था. इस कारण बाइक सवार असंतुलित होकर ट्रक से टकरा गया. इस दुर्घटना में बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी जबकि मां और बेटा सड़क पर गिर गये. दोनों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आयी है.
घायलों को एंबुलेंस से भेजा गया झाड़ग्राम
सीएचसी के डॉ एचएस शेखर ने बताया कि कपूर महतो के सिर में दो जगह गहरे जख्म है जिन्हें टांके लगाये गये हैं, जबकि उमेश महतो के दाहिने पैर में गंभीर चोट है. विदित हो कि कपूर महतो मालकुंडी पंचायत की बालीदुमा लखिहिड़ा वार्ड की वार्ड सदस्य हैं. साथ ही स्वास्थ्य सहिया भी हैं. सूचना पर झामुमो जिला उपाध्यक्ष प्रणव महतो, सुनील महतो, सेवा ही धर्म फाउंडेशन के नौशाद अहमद, अख्तर अली आदि अस्पताल पहुंचे. घायलों को चिकित्सा में तथा अस्पताल भिजवाने में मदद की. बाद में घायलों को नूतनगढ़ पंचायत की एंबुलेंस से झाड़ग्राम भेजा गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए