शेड के अंदर बैठे पोल्ट्री संचालक पर गिरी बिजली, देखें आगे क्या हुआ....
निर्मल दास
बोड़ाम के माधवपुर में वज्रपात की चपेट में आने से पोल्ट्री फॉर्म संचालक निर्मल दास की दर्दनाक मौत हो गई.
बोड़ाम: बोड़ाम थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव में गुरुवार दोपहर एक वीभत्स हादसे में पोल्ट्री फॉर्म संचालक निर्मल दास (52) की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई. तेज बारिश के दौरान हुई इस अचानक दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
आपके शहर में
शेड के अंदर बैठे थे निर्मल दास
घटना बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है. निर्मल दास अपने पोल्ट्री फॉर्म में रोज की तरह कामकाज संभाल रहे थे. इसी बीच तेज बारिश शुरू होने पर वे बचाव के लिए शेड के अंदर कुर्सी पर बैठ गए. तभी एक जोरदार धमाके के साथ एस्बेस्टस की छत पर आकाशीय बिजली गिर पड़ी, जिसकी सीधी चपेट में आने से वे झुलसकर अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जमशेदपुर ले गए. हालाँकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस अचानक हुए हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
भाजपा नेता हाराधन दास के थे चचेरे भाई
मृतक निर्मल दास इलाके के एक प्रतिष्ठित और मिलनसार व्यक्ति थे. वे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और पूर्व में भाजपा से भी जुड़े रहे थे. वे दिवंगत भाजपा नेता हाराधन दास के चचेरे भाई थे. उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक 16 वर्षीय बेटा और दो विवाहित बेटियां हैं. इस दुखद हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार एमजीएम अस्पताल पहुंचकर अपनी शोक संवेदना प्रकट कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए