पदमा से चोरी हाइवा बिहार में बरामद, पीछा कर पुलिस ने आरोपी चालक को घर से दबोचा

Updated:
विज्ञापन

बरामद वाहन | Prabhat Khabar

पदमा पुलिस ने चोरी का हाइवा बिहार के गया से बरामद किया. आरोपी रंजीत कुमार को औरंगाबाद से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया. पूरी खबर यहां पढ़ें.

विज्ञापन

पदमा : हजारीबाग जिले के पदमा में चोरी हुए हाइवा को पुलिस ने पीछा कर बिहार के गया जिले के आमस टोल प्लाजा के पास से बरामद कर लिया. पुलिस को देखकर चालक हाइवा छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद पदमा पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर आरोपी चालक को औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र के बलिगांव स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत कुमार उर्फ रामजीत कुमार (27 वर्ष), पिता बैजनाथ महतो के रूप में हुई है. उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

ओपी प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि कटकमदाग थाना क्षेत्र के सुल्ताना निवासी अमित कुमार का हाइवा पिछले अप्रैल में पदमा ओपी क्षेत्र से चोरी हुआ था. इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी.

टोल प्लाजा पर पुलिस को देख हाइवा छोड़ भागा चालक

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को एसपी अमन कुमार को चोरी का हाइवा पदमा की ओर आने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम ने पदमा-इटखोरी मार्ग और पदमा-बरही फोरलेन पर जांच शुरू की. हाइवा के चौपारण होते हुए गया की ओर जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसका पीछा किया.

पुलिस ने आमस पुलिस को सूचना देकर टोल प्लाजा पर जांच शुरू करायी. इसी दौरान पुलिस को देखते ही चालक हाइवा छोड़कर फरार हो गया. बाद में पुलिस ने उसकी पहचान कर औरंगाबाद जिले में उसके घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया.

फर्जी नंबर प्लेट और घिसा मिला चेसिस नंबर

जब्त हाइवा पर जेएच10सीजी-5636 नंबर प्लेट लगी थी. जांच में यह नंबर एक कार के नाम पर दर्ज पाया गया. वहीं, हाइवा का चेसिस नंबर भी घिसा हुआ मिला. पुलिस अब वाहन के वास्तविक नंबर और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

छापेमारी दल में ओपी प्रभारी श्रवण कुमार, एसआइ राजेश हाजरा, संदीप कुमार, आलोक सोरेन और रिजर्व पुलिस बल के जवान शामिल थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola