हजारीबाग: बिजली गुल होते ही अस्पताल के एसएनसीयू में फटा ऑक्सीजन पाइप, टला बड़ा हादसा
जांच करते हुए
Hazaribagh News: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एसएनसीयू में बिजली गुल होने के दौरान ऑक्सीजन पाइप फटने से आग लग गई, जिससे कुछ समय के लिए ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित हो गई. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
हजारीबाग से जयनारायण की रिपोर्ट
Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग जिले के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू) में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा टल गया. जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित होने के दौरान ऑक्सीजन पाइपलाइन से जुड़े जंबो सिलेंडर का पाइप अचानक फट गया. पाइप फटने के साथ स्पार्किंग और आग लगने से अफरा-तफरी मच गई और एसएनसीयू की ऑक्सीजन आपूर्ति ठप हो गई.
तीन नवजात वेंटिलेटर पर, परिजनों में बढ़ी चिंता
घटना के समय वार्ड में कई नवजात भर्ती थे, जिनमें तीन शिशु वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे. ऑक्सीजन सप्लाई बंद होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई. घटना की सूचना मिलने पर हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने तत्काल अपने प्रतिनिधि रंजन चौधरी को अस्पताल भेजा. वहीं अस्पताल प्रबंधन को भी स्थिति से अवगत कराया गया.
तकनीकी टीम ने बदला पाइप
उपाधीक्षक डॉ. राजकिशोर के निर्देश पर तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइप को बदलकर ऑक्सीजन आपूर्ति बहाल की गई. शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. क्षितिज आनंद ने भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति की निगरानी की. एहतियातन निजी अस्पतालों से भी संपर्क किया गया, हालांकि सप्लाई बहाल होने के बाद बच्चों को शिफ्ट करने की जरूरत नहीं पड़ी.
आग बुझाने में वार्ड बॉय झुलसा
घटना के दौरान आग बुझाने की कोशिश में एक वार्ड बॉय का हाथ हल्का झुलस गया. समय रहते कार्रवाई होने से नवजातों की जान पर मंडरा रहा खतरा टल गया. वहीं घटना ने अस्पताल में ऑक्सीजन पाइपलाइन के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें: जल जीवन मिशन 2.0 पर झारखंड और केंद्र के बीच समझौता, हेमंत सोरेन ने लंबित फंड जारी करने की उठाई मांग
यह भी पढ़ें: हजारीबाग आरटीए की नई सचिव बनीं सुजाता कुजूर, सड़क सुरक्षा और कानून अनुपालन पर रहेगा फोकस
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए