सिलवार रथ मेला में उमड़े श्रद्धालु, रशियन डांस का भी है इंतजाम
सिलवार जगन्नाथ धाम में भगवाली दर्शन में लगी भीड़ पूजा अर्चना करते आचार्य व पुजारी मेले में लोगो की भीड़ | Prabhat Khabar Network
हजारीबाग के सिलवार जगन्नाथ धाम में रथयात्रा धूमधाम से मनाई गई। भगवान जगन्नाथ मौसीबाड़ी पहुंचे, जहां नौ दिनों तक विशेष पूजा और मेला का आयोजन होगा।
हजारीबाग. सदर प्रखंड के सिलवार स्थित जगन्नाथ धाम मंदिर में गुरुवार को रथयात्रा पर भगवान के पूजन एवं दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. अहले सुबह विग्रहों का महास्नान, पूजन, गर्भगृह पूजन, महा शृंगार व आरती के बाद सुबह पांच बजे मंदिर का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया. इसके बाद सुबह नौ बजे महाभोग का वितरण किया गया. संध्या सात बजे भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा को रथ पर आरुढ़ कर मौसीबाड़ी केसुरा पहाड़ पहुंचाया गया. हजारों श्रद्धालुओं ने रथ को खीचा. इस दौरान भगवान के जय-जयकारे से क्षेत्र गुंजायमान रहा.
आपके शहर में
मौसी बाड़ी में नौ दिन तक विश्राम करेंगे भगवान
भगवान नौ दिन तक मौसी के घर विश्राम कर 24 जुलाई को अपने धाम पहुचेंगे. केसुरा पहाड़ के पास घुरती रथ मेला का आयोजन किया जायेगा. मौसीबाड़ी में नौ दिनों तक भजन-कीर्तन और प्रतिदिन सुबह-शाम पूजा अर्चना होगी.
मेला में रशियन डांस और झूला आकर्षण का केंद्र
रथ मेला में रशियन डांस, तारामाची झूला, ब्रेक डांस, नौका झूला, मीना बाजार लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा. जहां बच्चे, युवा एवं वृद्धों ने भी मनोरंजन किया. सेल्फी लेने में युवक-युवतियां आगे रहे. कभी मंदिर के अंदर तो कभी पहाड़ी पर सेल्फी लेते नजर आये.
वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई पूजा-अर्चना
सिलवार जगन्नाथ धाम मंदिर में भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम एवं बहन सुभद्रा की दो दिनों से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गयी. यहां 1952 से लगातार पूजा-अर्चना की जा रही है. इसकी शुरुआत भूरालाल जैन, जलेश्वर जैन और मोती महतो ने की थी. प्रथम पुजारी देवकी नंदन पांडेय थे. इस वर्ष मुख्य पुजारी आचार्य विशेश्वर पांडेय, भीम पांडेय, रामलखन पांडेय हैं.
सांसद समेत कई लोगों ने की पूजा-अर्चना
सिलवार जगन्नाथ धाम मंदिर में सांसद मनीष जायसवाल, विधायक प्रदीप प्रसाद, समाजसेवी बटेश्वर मेहता, शेफाली गुप्ता, श्रद्धानंद सिंह, झामुमो के सुनील शर्मा, एसपी अमन कुमार पत्नी सहित कई लोगों ने पूजा-अर्चना कर जिले में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की.
समिति सदस्यों और प्रशासन ने सुरक्षा पर रखी नजर
सिलवार रथयात्रा मेला में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. समिति के सदस्यों और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल रखी थी. एनएच-522 भीड़ के कारण जाम रहा. जिससे लोगों को एक छोर से दूसरे छोर जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. हर जगह पुलिस और समिति के वॉलेंटियर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगे हुए थे. पूजा में पूर्व मुखिया महेंद्र राम, पूर्व जिप सदस्य कौलेश्वर रजक, अध्यक्ष अभय सिंह, सुखदेव प्रजापति, सचिव नेमीचंद प्रसाद, सह सचिव सुभाषचंद्र प्रसाद, कोषाध्यक्ष टुन्नू लाल, ओम प्रकाश देव, उमेश प्रसाद, जगदीश प्रसाद, धर्मनाथ प्रसाद, देवनारायण प्रसाद, किशोरी प्रसाद मेहता, नरेश यादव, संजय मेहता, भागीरथ प्रसाद सहित कई लोग शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए