हजारीबाग: मैट्रिक-इंटर के छात्रों के लिए जरूरी खबर, 75% उपस्थिति पूरी नहीं तो नहीं भर पाएंगे परीक्षा फॉर्म
निरीक्षण के बाद उप शिक्षा सचिव जागो चौधरी व अन्य | Prabhat Khabar Network
चलकुशा स्थित पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय का उप शिक्षा सचिव ने औचक निरीक्षण किया। शैक्षणिक व्यवस्था और उपस्थिति पर दिए कड़े निर्देश।
चलकुशा. हजारीबाग के चलकुशा प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएम श्री उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय का शुक्रवार को उप शिक्षा सचिव जागो चौधरी और प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी राकेश कुमार ने औचक निरीक्षण किया. अधिकारियों ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, स्वच्छता, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए अधिकारियों ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की.
आपके शहर में
कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से किया संवाद
निरीक्षण दल ने विभिन्न कक्षा-कक्षों में जाकर पठन-पाठन की स्थिति देखी और विद्यार्थियों से संवाद किया. अधिकारियों ने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों और विभिन्न पंजियों की भी बारीकी से समीक्षा की. जांच के दौरान विद्यालय की आधारभूत संरचना, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और शिक्षकों की सक्रियता समेत कई मानकों पर व्यवस्था संतोषजनक पायी गयी.
75% उपस्थिति के बिना परीक्षा फॉर्म नहीं
उप शिक्षा सचिव जागो चौधरी ने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर दिया. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरी किये बिना मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा का फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जायेगी. उन्होंने शिक्षकों को प्रतिदिन विद्यार्थियों की उपस्थिति की निगरानी करने और लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से तत्काल संपर्क करने का निर्देश दिया.
आधुनिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर जोर
जागो चौधरी ने कहा कि सरकार की ओर से विद्यालयों को उपलब्ध कराये गये आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को हर विद्यार्थी तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है. उन्होंने शिक्षकों से अंतिम पंक्ति के विद्यार्थियों पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की.
विद्यालय की आगामी योजनाओं की दी जानकारी
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मो. नौशाद ने अधिकारियों को विद्यालय की आगामी योजनाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी. विद्यालय प्रबंधन की ओर से चल रहे कार्यों से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए