Hazaribagh: हेसागढ़ा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

Published by : AmleshNandan Sinha Updated At : 24 May 2026 9:34 PM

विज्ञापन

मृतका का फाइल फोटो

Hazaribagh: हजारीबाग के हेसागढ़ा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

विज्ञापन

फिरोज खान
Hazaribagh (मांडू): मांडू थाना क्षेत्र के हेसागढ़ा गांव में रविवार को एक नवविवाहिता महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला प्रकाश में आया है. घटना के बाद से गांव और मृतका के मायके में शोक की लहर है. घटना को लेकर मृतक के पिता और भाई ने मांडू थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस संबंध में मांडू थाना में दिये आवेदन में मृतका के पिता अनूप कुमार सिन्हा जमशेदपुर के मानगो निवासी ने कहा है कि पुत्री जिज्ञासा कुमारी का विवाह बीते 14 मार्च 2026 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हेसागढ़ा निवासी सुमित कुमार सिन्हा के साथ किया था. शादी के बाद से ही पति छोटी-छोटी बातों को लेकर उनकी बेटी के साथ मारपीट व प्रताड़ित करता था.

ससुर ने फोन पर मायके वालों को दी मौत की सूचना

रविवार की सुबह बेटी के ससुर सुमेश कुमार सिन्हा का फोन आया और पुत्री की मौत होने की जानकारी दी गयी. कारण पूछने पर आत्महत्या की बात कही गयी. मृतका के पिता ने दावा किया कि उनकी पुत्री मानसिक रूप से स्वस्थ थी. आत्महत्या करने की संभावना नहीं थी. ससुराल पक्ष के लोगों ने हम लोगों को आने से पहले ही शव को सदर अस्पताल रामगढ़ ले जाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. जो एक सोची समझी साजिश की ओर इशारा कर रहा है.

मृतका के भाई के बयान पर भी जांच कर रही पुलिस

वहीं इस मामले में मृतका के भाई निखिल कुमार श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है कि वह 22 मई को पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बहन के घर आया था. उसी दिन शाम को बहन और जीजा के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद 23 मई को परिवार के लोग रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए गए थे. रात करीब 11 बजे तक बहन से बातचीत हुई थी, जिसके बाद मैं दूसरे कमरे में सोने चला गया. रविवार सुबह करीब पांच बजे शोर सुनकर मेरा नींद खुली, तो देखा कि बहन को पलंग पर लिटाया जा रहा था. इसके बाद जल्दबाजी में बहन को नजदीकी अस्पताल और फिर सदर अस्पताल रामगढ़ ले जाया गया. भाई ने जीजा और ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है.

पिता ने दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की

मृतका के पिता ने पति सुमित कुमार सिन्हा, ससुर सुमेश कुमार सिन्हा, सिमरन सिन्हा, अंशु कुमार सिन्हा एवं नीतीश कुमार सिन्हा सहित परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. कहा कि मेरी बेटी के साथ गलत हुआ है. बेटी को हर हाल में इंसाफ मिलना चाहिये. इस संबंध में मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.

क्या कहते हैं मृतका के ससुराल पक्ष के लोग

इस संबंध में मृतका के ससुराल पक्ष का कहना है कि जिज्ञासा कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है. मृतका पर किसी प्रकार को दबाव नहीं था. उसने किस कारण फांसी लगायी, इसकी जानकारी घर वालों को भी नहीं है.

ये भी पढ़ें…

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola