ब्रह्ममोरिया स्कूल में एमडीएम राशि निकासी का आरोप, फर्जी हस्ताक्षर से 1.50 लाख निकालने का दावा
दिनकर कुमार मिश्रा अध्यक्ष | Prabhat Khabar Network
उउवि ब्रह्ममोरिया में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की राशि के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है. स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने प्रधानाध्यापक पर फर्जी हस्ताक्षर से करीब 1.50 लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया है. मामले की जांच के लिए डीसी, डीइओ और थाने में आवेदन दिया गया है.
चौपारण. उउवि ब्रह्ममोरिया में मध्याह्न भोजन की राशि की निकासी को लेकर मामला सामने आया है. विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिनकर कुमार मिश्रा ने प्रधानाध्यापक पर कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर कर करीब 1.50 लाख रुपये की निकासी करने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर उन्होंने डीसी, डीइओ और थाना में आवेदन देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है. थाना में आवेदन देने के बाद मामला चर्चा में है.
अध्यक्ष ने बैंक अभिलेखों की जांच की मांग की
आवेदन में अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि मध्याह्न भोजन मद में उपलब्ध राशि की निकासी के लिए उनके हस्ताक्षर का कथित रूप से गलत इस्तेमाल किया गया. उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना राशि की निकासी की गयी है. इसकी जानकारी उन्हें विद्यालय पहुंचने के बाद भाउचर देखने पर हुई. अध्यक्ष के अनुसार, इस संबंध में प्रधानाध्यापक से बात करने पर उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया. अध्यक्ष ने अधिकारियों से बैंक से संबंधित अभिलेख, चेक, भाउचर पर किये गये हस्ताक्षर और विद्यालय के वित्तीय दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाने और दोषी पाये जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है.
आरोप बेबुनियाद : प्रधानाध्यापक
प्रधानाध्यापक भागीरथ रविदास ने कहा कि उनके ऊपर लगाया जा रहा आरोप गलत और बेबुनियाद है.
विभागीय जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिनकर कुमार मिश्रा का आवेदन प्राप्त हुआ है. यह मामला शिक्षा विभाग से जुड़ा है. विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि राशि की निकासी किस प्रक्रिया के तहत हुई और हस्ताक्षर को लेकर लगाये गये आरोपों में कितनी सच्चाई है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए