हजारीबाग की ट्रेनिंग से ब्राजील तक का सफर, पृथ्वी और अनोखी का झारखंड टीम में चयन
दोनों चयनित खिलाडियों को सम्मानित करते हर्ष अजमेरा | Prabhat Khabar Network
हजारीबाग में प्रशिक्षण ले रहीं पृथ्वी उरांव और अनोखी कुमारी का अंडर-17 विश्व विश्वविद्यालयी एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम में चयन हुआ है. किसान परिवार से आने वाली इन खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है.
हजारीबाग. अंडर-17 विश्व विश्वविद्यालयी एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हजारीबाग में प्रशिक्षण ले रहीं पृथ्वी उरांव और अनोखी कुमारी का चयन झारखंड टीम में हुआ है. प्रतियोगिता तीन से आठ दिसंबर तक ब्राजील के जेनेवा में आयोजित होगी. दोनों खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेलप्रेमियों में खुशी है. प्रतियोगिता के लिए झारखंड के कुल 11 खिलाड़ियों का चयन हुआ है.
पृथ्वी उरांव लंबी कूद और अनोखी कुमारी 400 मीटर बाधा दौड़ में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी. दोनों ने मेहनत, लगन और नियमित अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है. किसान परिवार से आने वाली दोनों खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि है.
तीन साल से हजारीबाग में प्रशिक्षण ले रहीं पृथ्वी
गुमला निवासी पृथ्वी उरांव पिछले तीन वर्षों से हजारीबाग में रहकर लंबी कूद का प्रशिक्षण ले रही हैं. उनके पिता किसान और मां गृहिणी हैं. मैदान पर नियमित अभ्यास और प्रदर्शन में लगातार सुधार के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई. अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है.
अनोखी ने 400 मीटर बाधा दौड़ में बनाई जगह
रांची की अनोखी कुमारी ने 400 मीटर बाधा दौड़ में झारखंड टीम में जगह बनाई है. उनके पिता कृषि कार्य से जुड़े हैं और मां गृहिणी हैं. अनोखी भी हजारीबाग में रहकर नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं. आवासीय सुविधा और प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी तैयारी बेहतर करने का अवसर मिल रहा है. दोनों खिलाड़ियों को हर्ष अजमेरा ने सम्मानित किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए