हजारीबाग में भक्तों ने खींची भगवान जगन्नाथ के रथ की डोर

Author Jaynarayan|Edited by Kumarvishwat Sen
Updated:
विज्ञापन
भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

हजारीबाग के इस्कॉन मंदिर से भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। 40 फीट ऊंचे हाईटेक रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

विज्ञापन

हजारीबाग: भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा गुरुवार को शहर के पीटीसी इस्कॉन मंदिर से वैदिक परंपराओं और भक्तिमय वातावरण के बीच निकाली गयी. सुबह मंगला आरती के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई, जिसके बाद पारंपरिक पाहंडी अनुष्ठान संपन्न हुआ. पश्चिम बंगाल के हल्दिया से आयी 20 सदस्यीय टीम ने पाहंडी कार्यक्रम में भाग लिया. टीम का नेतृत्व आइआइटी-बीएचयू के टॉपर कुमार लीला प्रभु ने किया. ढोल-नगाड़ों और हरिनाम संकीर्तन के बीच भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के विग्रहों को मंदिर से रथ तक लाया गया. इस दौरान पूरा परिसर जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में सराबोर रहे.

40 फीट ऊंचा हाइटेक रथ रहा रथयात्रा का आकर्षण

इस बार रथयात्रा का आकर्षण 40 फीट ऊंचा आधुनिक और रिमोट कंट्रोल संचालित रथ रहा. मार्ग की आवश्यकता के अनुसार इसकी ऊंचाई 16 फीट तक कम की जा सकती थी. इस्कॉन से जुड़े आइआइटीयन ने अत्याधुनिक तकनीक से इस रथ का निर्माण किया है. हाइटेक सुविधाओं से सुसज्जित यह रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा.

रथयात्रा से पहले निभायी गयी छैरा पहरा की परंपरा

रथयात्रा शुरू होने से पहले परंपरा के अनुसार छैरा पहरा अनुष्ठान संपन्न किया गया. इस दौरान झाड़ू लेकर रथ मार्ग की प्रतीकात्मक सफाई की गयी और मार्ग पर चंदन मिश्रित जल का छिड़काव किया गया. श्रद्धालुओं ने इस प्राचीन धार्मिक परंपरा को श्रद्धा और उत्साह के साथ देखा तथा अनुष्ठान में आस्था प्रकट की.

शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा भगवान का रथभगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पीटीसी इस्कॉन मंदिर से शुरू होकर एसपी कोठी, सर्किट हाउस, जिला मोड़, पुराना बस स्टैंड और पीटीसी चौक होते हुए एसपी कोठी के सामने स्थित मैदान पहुंची. रथयात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सेवा शिविर लगाये. वहीं पुलिस विभाग की ओर से रथयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के बीच पानी की बोतलों का वितरण किया गया. हरिनाम संकीर्तन, मृदंग, झांझ और शंखनाद के बीच श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी खींचकर पुण्य अर्जित किया. रथयात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालु पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत करते नजर आये. आयोजकों के अनुसार रथयात्रा में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. सुरक्षा और व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की गयी थी. पूरे मार्ग में भगवान जगन्नाथ के दर्शन को लेकर उत्साह देखने को मिला.


विज्ञापन
Jaynarayan

लेखक के बारे में

By Jaynarayan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola