तेज बारिश में मर्सी आश्रम के पास कटी दीपूगढ़ा-कनहरी मुख्य सड़क, पानी का बहाव रुकने से बढ़ा दबाव

हजारीबाग में तेज बारिश के कारण दीपूगढ़ा-कनहरी मुख्य सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित है। प्रशासन से मरम्मत की मांग।
हजारीबाग: हजारीबाग में 19 जुलाई को हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया. तेज बहाव के कारण दीपूगढ़ा गोलंबर से कनहरी रोड जानेवाली मुख्य सड़क वार्ड संख्या पांच स्थित मर्सी आश्रम के पास क्षतिग्रस्त हो गयी, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर सरकारी नाला होने के बावजूद अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित है. पानी की निकासी के लिए केवल एक पाइप लगाया गया था, जो तेज बारिश के दौरान पर्याप्त साबित नहीं हुआ. परिणामस्वरूप पानी के तेज बहाव से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.
इस मार्ग से प्रतिदिन मोंटफोर्ट, डीएवी सहित कई स्कूलों के वाहन गुजरते हैं. सड़क टूटने से स्थानीय लोगों और स्कूली वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
नाली बनी, पर कलवर्ट नहीं
इस सड़क का कालीकरण और सड़क किनारे नाली का निर्माण कार्य फिलहाल पथ प्रमंडल विभाग द्वारा किया गया है. इसमें करोड़ों रुपये खर्च किये गये. यह कार्य दीपूगढ़ा सिंचाई कॉलोनी से गोलंबर होते हुए कनहरी मार्ग सपना इन्क्लेव तक किया गया है.
सड़क के किनारे बनायी गयी आरसीसी नाली को दोनों तरफ से मर्सी आश्रम के पास मिलाकर छोड़ दी गयी. नाली के पानी की निकासी के लिए सड़क के बीच से ड्रेन कलवर्ट नहीं बनाया गया, जिसके कारण पानी के बहाव ने सड़क को ध्वस्त कर दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










