केरेडारी में कोल परियोजना को लेकर गरमाया मामला, भू-रैयतों की 15 सूत्री मांग चेयरमैन तक पहुंची
कोल इंडिया के चेयरमैन को बुके देते | Prabhat Khabar Network
कांग्रेस नेता महेश प्रसाद साव ने कोल इंडिया चेयरमैन से मिलकर स्थानीय युवाओं के रोजगार और भू-रैयतों की समस्याओं को लेकर 15 सूत्री मांग पत्र सौंपा है।
केरेडारी. हजारीबाग के केरेडारी प्रखंड के पचड़ा पंचायत के मुखिया सह कांग्रेस नेता महेश प्रसाद साव ने कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी साई राम को बुके भेंट कर मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने मगध-संघमित्रा कोल परियोजना का दौरा कर चंद्रगुप्ता कोल परियोजना के भू-रैयतों के हित में 15 सूत्री मांग पत्र सौंपा.
आपके शहर में
जमीन अधिग्रहण के बाद रैयतों को नौकरी नहीं मिलने का उठाया मुद्दा
महेश प्रसाद साव ने कहा कि चंद्रगुप्ता कोल परियोजना में एक साथ बड़े पैमाने पर भूमि अधिग्रहण किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब दो एकड़ जमीन के आधार पर रैयत नौकरी के लिए आवश्यक कागजात जमा करते हैं, तो परियोजना क्षेत्र से कुछ जमीन को बाहर बताकर उनकी फाइल वापस कर दी जाती है. इससे रैयतों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग
उन्होंने आरोप लगाया कि एमडीओ सुशी इंफ्रा माइनिंग चंद्रगुप्ता की ओर से स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के बजाय बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने मांग की कि परियोजना में स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराया जाये.
आंदोलन करने पर मुकदमे की धमकी का आरोप
महेश प्रसाद साव ने कहा कि स्थानीय युवाओं की ओर से रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन किये जाने पर प्रशासन का भय दिखाकर मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी जाती है. उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं और भू-रैयतों में धीरे-धीरे आक्रोश बढ़ रहा है.
उन्होंने कोल परियोजना प्रबंधन और प्रशासन से रैयतों की समस्याओं का समाधान करने, नौकरी से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बरतने और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए