बैंक हड़ताल से 181 शाखाओं में कामकाज प्रभावित,181 बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित, करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान
अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते बैंककर्मी | Prabhat Khabar Network
बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल से हजारीबाग की 181 शाखाओं में कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है।
हजारीबाग. पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, संशोधित पीएलआइ योजना समेत विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मचारी संगठनों ने शुक्रवार को देशव्यापी एकदिवसीय हड़ताल की. हड़ताल का असर हजारीबाग जिले की 181 बैंक शाखाओं में भी देखने को मिला.
बैंककर्मियों के काम पर नहीं आने से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं. इससे जिले में करोड़ों रुपये के बैंकिंग कारोबार पर असर पड़ने का अनुमान है. हड़ताल के दौरान बैंककर्मियों ने विभिन्न शाखाओं के बाहर धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की. पंजाब नेशनल बैंक के कर्मचारियों ने रैली निकाली.
वहीं, भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारी पार्क स्थित शाखा परिसर में धरना पर बैठे. बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों ने साकेतपुरी स्थित मुख्य शाखा में प्रदर्शन किया. बैंककर्मियों ने कहा कि दुनिया के अधिकांश देशों में बैंकिंग व्यवस्था सप्ताह में पांच दिन संचालित होती है.
भारत में बैंककर्मी अब भी छह दिन काम कर रहे हैं. कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस मांग पर निर्णय नहीं लिया गया है. बैंक कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 26 अक्तूबर के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा सकती है.
एसबीआइ के जोनल मैनेजर सुमित कुमार ने बताया कि जिले में विभिन्न बैंकों की 181 शाखाएं हैं. हड़ताल के कारण बैंकिंग कामकाज प्रभावित हुआ. पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था, संशोधित पीएलआइ समेत अन्य मांगों को लेकर बैंक कर्मचारी संगठनों ने यह हड़ताल की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए