हजारीबाग में नशे के खिलाफ महा अभियान, 11वीं और 12वीं के 25000 विद्यार्थियों को किया जाएगा जागरूक

Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 06 Jun 2026 5:05 PM

विज्ञापन

स्कूल की खाली कक्षा. एआई जेनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो

Hazaribagh News: हजारीबाग के 38 प्लस टू स्कूलों में 11वीं और 12वीं के करीब 25 हजार विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा. 12 जून से शुरू होने वाला अभियान 25 जून तक चलेगा. इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा और स्कूलों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

हजारीबाग से आरिफ की रिपोर्ट

Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग जिले में मादक पदार्थों के बढ़ते दुष्प्रभाव को देखते हुए व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया जा रहा है. जिले के सभी सरकारी प्लस टू स्कूलों में 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा. अभियान की शुरुआत 12 जून से होगी, जबकि राज्य स्तर पर इसकी शुरुआत 10 जून से की जाएगी. 15 दिनों तक चलने वाले इस विशेष अभियान का समापन 25 जून को होगा.

38 प्लस टू स्कूलों के 25000 विद्यार्थी होंगे शामिल

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव द्वारा जारी निर्देश के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन ने सभी संबंधित विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. उन्होंने 38 प्लस टू स्कूलों के प्रभारी शिक्षकों को अभियान को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया है. वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिले के प्लस टू स्कूलों में अध्ययनरत लगभग 25 हजार विद्यार्थी इस अभियान का हिस्सा बनेंगे. अभियान के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी.

स्कूलों-कॉलेजों के आसपास रहेगी प्रशासन की नजर

जिला प्रशासन ने स्कूलों और कॉलेजों के आसपास मादक पदार्थों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखने का फैसला किया है. नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है.

कई प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता अभियान

अभियान के दौरान विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों में रचनात्मक तरीके से जागरूकता बढ़ाई जा सके.

  • स्लोगन लेखन प्रतियोगिता
  • क्विज प्रतियोगिता
  • पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता
  • पेंटिंग प्रतियोगिता
  • निबंध लेखन प्रतियोगिता
  • वाद-विवाद प्रतियोगिता
  • साइकिल रैली

विद्यालय स्तर पर कार्यक्रमों के सफल आयोजन के बाद उसकी रिपोर्ट जिला स्तर से 30 जून तक राज्य सरकार को भेजी जाएगी.

किस प्रखंड में कितने प्लस टू स्कूल

  • सदर: 04
  • कटकमसांडी: 03
  • बरकट्ठा: 03
  • चौपारण: 03
  • चलकुसा: 01
  • डाड़ी: 02
  • विष्णुगढ़: 03
  • टाटीझरिया: 02
  • दारू: 03
  • पदमा: 01
  • इचाक: 03
  • कटकमदाग: 02
  • चुरचू: 02
  • बड़कागांव: 02
  • केरेडारी: 01
  • बरही: 03

शिक्षकों के युक्तिकरण की प्रक्रिया भी तेज

इधर शिक्षा विभाग में शिक्षकों के युक्तिकरण को लेकर भी गंभीरता से काम किया जा रहा है. शहरी क्षेत्रों के कई विद्यालयों में विद्यार्थियों की तुलना में शिक्षकों की संख्या अधिक होने का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है. उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग इस दिशा में गंभीर प्रयास कर रहा है. संभावना जताई जा रही है कि इसी महीने शिक्षकों के युक्तिकरण की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों के अनुपात को संतुलित करना तथा संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है.

इसे भी पढ़ें: सिमडेगा में गांजा तस्कर को 10 साल का कठोर कारावास, 50,000 जुर्माना

युवाओं को नशे से दूर रखने पर फोकस

शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन का मानना है कि विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर पर जागरूक बनाकर उन्हें नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सकता है. यही कारण है कि इस अभियान को व्यापक रूप देने के लिए स्कूलों, शिक्षकों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें: बिजली से वंचित टोलों में जगमगाएगी रोशनी, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola