गुमला में पर्यटन स्थलों और खेल सुविधाओं का होगा कायाकल्प, डीसी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
बैठक करते हुए उपायुक्त | Prabhat Khabar Network
डीसी दिलेश्वर महतो ने गुमला में पर्यटन स्थलों के विकास और खेल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है.
गुमलाः उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में पर्यटन एवं खेल विभाग से संबंधित संचालित और प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में जिले के पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विस्तार और खेल अवसंरचना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया.
आपके शहर में
पर्यटन स्थलों के विकास की योजनाओं की समीक्षा
बैठक में देवकी बाबाधाम, घाघरा, देवगांव शिव गुफा, पालकोट और अंबाघाघ में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गयी. इसके अलावा आंजन धाम, टांगीनाथ धाम, डुमरी, हीरादह रायडीह, रॉक गार्डन गुमला और कतरी डैम समेत अन्य पर्यटन स्थलों के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई.
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को गति देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों का विकास इस तरह किया जाए कि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलें और जिले की पर्यटन क्षमता का समुचित उपयोग हो.
ये भी पढ़ें- पुल टूटा, रास्ता बंद नहीं हुआ; गुमला में जान जोखिम में डालकर रोज सफर कर रहे ग्रामीण
खेल अवसंरचना के कार्यों में भी तेजी
खेल विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि इंडोर स्टेडियम बसिया में नए वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है. वहीं, रायडीह के पतराटोली स्थित बख्तर साय स्टेडियम के जीर्णोद्धार और विकास का कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है.
घाघरा के रन्हे खेल मैदान के जीर्णोद्धार, चारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने और जल निकासी के लिए नाली निर्माण की प्रक्रिया जारी है. इसके अलावा गुमला के स्वामी विवेकानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फ्लडलाइट युक्त अंतरराष्ट्रीय स्तर के सिंथेटिक हॉकी मैदान के निर्माण की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है.
समय पर और गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने का निर्देश
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पर्यटन और खेल दोनों क्षेत्रों में जिले की अपार संभावनाओं को देखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विकास प्रशासन की प्राथमिकता है. योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए. बैठक में जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, अभियंता समेत संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- दुबई में युवक के लापता होने से गुमला में आक्रोश, अहीर सेना ने 1 सितंबर को बंद बुलाया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए