अमृत नगर टोंगरी में नशे का खेल, ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
गुमला पुलिस ने दो युवकों को किया गिरफ्तार| Prabhat Khabar Network
गुमला में नशीले पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई. अमृत नगर टोंगरी से 2 युवक 2 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए. पुलिस ने जाल बिछाकर किया गिरफ्तार.
गुमला. शहर में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ गुमला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमृत नगर टोंगरी के समीप से दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के पास से दो ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपितों को सोमवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
आपके शहर में
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लोहरदगा रोड निवासी अमित कुमार साव (22 वर्ष) और अमृत नगर निवासी राहुल कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव और थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमृत नगर टोंगरी के समीप दो युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनायी और टीम को मौके पर भेजा.
अंचल अधिकारी हरिश कुमार की मौजूदगी में पुलिस टीम ने अमृत नगर टोंगरी के पास छापेमारी की. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवकों में हलचल मच गयी. पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से दो ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया.
नशे के कारोबार पर पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर और आसपास के इलाकों में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
अधिकारियों ने बताया कि नशीले पदार्थों से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जायेगी. इस मामले में भी पुलिस बरामद ब्राउन शुगर के स्रोत और कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है.
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
छापेमारी अभियान में सीओ हरिश कुमार, थाना प्रभारी दिनेश कुमार, पुअनि विनय कुमार महतो, पुअनि धीरज कुमार सिंह समेत पुलिस बल के जवान शामिल रहे.
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है. यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाया गया था और इसकी खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए