जय श्रीराम और हर-हर महादेव से गूंजा मरदा
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 19 Feb 2026 10:10 PM
महासदाशिव मंदिर का दो दिवसीय महोत्सव शुरू, कलशयात्रा में शामिल हुए 5001 श्रद्धालु
रायडीह. रायडीह प्रखंड के मरदा स्थित महासदाशिव मंदिर में दो दिवसीय आठवीं वार्षिक महोत्सव गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के माहौल में कलशयात्रा के साथ हुआ. कलशयात्रा में 5001 श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया. कलशयात्रा का शुभारंभ रायडीह स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण से हुआ. श्रद्धालु सिर पर पवित्र जल से भरे कलश लेकर नेशनल हाइवे मार्ग, भलमंडा और आंबाटोली होते हुए लगभग चार किलोमीटर की पदयात्रा कर महासदाशिव मंदिर, मरदा पहुंचे. मंदिर पहुंचने पर विधिवत पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और शंख-घंट की ध्वनि के बीच कलश स्थापना एवं भगवान शिव की आराधना की गयी. इसके साथ 24 घंटे के अखंड हरिकीर्तन का शुभारंभ हुआ. मंदिर परिसर भक्ति संगीत और भजन-कीर्तन से गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया. कलशयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्री राम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ नाचते-गाते हुए भाग लिया. यात्रा का मुख्य आकर्षण आकर्षक झांकी और चांवर नृत्य रहा. बीते वर्ष की तरह इस वर्ष भी झांकी का विशेष प्रदर्शन किया गया. लखनऊ से आये कलाकारों ने मनोहारी झांकियों की प्रस्तुति दी, वहीं स्थानीय कलाकारों ने भी इसमें सहभागिता निभायी. यात्रा की अगुवाई उल्लास महतो की चांवर नृत्य मंडली ने की. पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और यात्रा को सांस्कृतिक रंग से सराबोर कर दिया. कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव समेत बिनय कुमार लाल, अनिरुद्ध सिंह, हिमांशु कुमार गुप्ता, जग नारायण सिंह, जगदीश सिंह, विज्ञान सिंह, रूपेश कुमार लाल, सच्चिदानंद पंडा, जगेश्वर सिंह, मदन सिंह, पीयूष कुमार साहू, हेमंत साहू, गौरी साहू, पवन साहू, आकाश कुमार गुप्ता, रूपेश कुमार साहू और रामप्रीत गुप्ता आदि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










