गुमला: SIR 2026 में 2.11 लाख नोटिस केस, दस्तावेज जुटाने के लिए अंचल कार्यालयों के चक्कर लगा रहे मतदाता
अंचल कार्यालय में भीड़ | Prabhat Khabar Network
गुमला में एसआइआर 2026 के तहत नोटिस मिलने के बाद जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अंचल कार्यालयों में लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं।
गुमला. एसआइआर 2026 के तहत नोटिस मिलने के बाद जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अंचल कार्यालयों में लोगों की भीड बढ गयी है. मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों के सुधार और सत्यापन के लिए जरूरी दस्तावेज जमा करने को लेकर लोग प्रमाण पत्र बनवाने में जुटे हैं.
नोटिस प्राप्त मतदाता प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अंचल कार्यालय पहुंच रहे हैं. आवेदन फार्म भरने के बाद हलका कर्मचारी से सत्यापन कराया जा रहा है. इसके बाद आवेदन ऑनलाइन किया जा रहा है. प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जारी है.
जिला निर्वाचन कार्यालय, गुमला से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में एसआइआर 2026 के तहत कुल 2,11,373 नोटिस केस चिह्नित किये गये हैं. इन मामलों से 1,019 बूथ या भाग जुडे हैं. चिह्नित मामलों में 1,73,929 विसंगतियां, 29,698 नो मैपिंग और 7,746 लंबित सत्यापन (पेंडिंग डीएससी) के मामले शामिल हैं.
इनमें कई मामलों में मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज मांगे जा रहे हैं. संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने से मतदाता रिकॉर्ड में दर्ज त्रुटियों के सुधार और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने में मदद मिलेगी. इसी वजह से नोटिस मिलने के बाद लोग जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अंचल कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं.
अंचल कार्यालयों में बढती भीड के कारण कर्मचारियों पर भी काम का दबाव बढा है. वहीं, मतदाता जल्द से जल्द जरूरी दस्तावेज तैयार कर एसआइआर की प्रक्रिया पूरी कराने में जुटे हैं. प्रशासन की ओर से लोगों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए